नवादा नगर थाना क्षेत्र के मालगोदाम मुहल्ले में शिक्षिका के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान शेखपुरा जिले के कुसुंभा थाना क्षेत्र के जीयन बिगहा गांव निवासी रवींद्र प्रसाद के पुत्र गौरव कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार आरोपित नवादा में किराये का मकान लेकर रह रहा था.
किराये के कमरे से मिला चोरी का सामान
पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान की. इसके बाद उसके किराये के कमरे में छापेमारी कर तलाशी ली गयी. इस दौरान कमरे से एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी सोने की कान की बाली, एक मंगलसूत्र और एक चांदी का सिक्का बरामद किया गया. पुलिस का कहना है कि बरामद सामान चोरी की घटना से संबंधित है.
2.25 नकद समेत आभूषण की हुई थी चोरी
बताया जाता है कि शिक्षिका ने नगर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए घर से करीब 2.25 लाख रुपये नकद समेत सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की जानकारी दी थी. शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपित तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार युवक से पुलिस कर रही है पूछताछ
गिरफ्तार युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि घटना में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं. बरामद जेवरात की पहचान पीड़िता से करायी जा रही है. पुलिस को पूछताछ के आधार पर चोरी के अन्य सामान की बरामदगी की भी उम्मीद है.
