नवादा में नल-जल के पानी को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, आठ लोग घायल

Nawada News : पकरीबरावां के थालपोस गांव में नल-जल योजना के पानी को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठियां चलीं। टूलू मोटर लगाने के विवाद में 8 लोग घायल, पुलिस जांच में जुटी।

Nawada News : पकरीबरावां थाना क्षेत्र के थालपोस गांव में सोमवार की सुबह नल-जल योजना के पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. पानी की सप्लाई बाधित होने का आरोप लगाते हुए टूलू मोटर बंद कराने पहुंचे लोगों और दूसरे पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई. दोनों पक्षों की ओर से लाठियां चलीं, जिसमें चार-चार लोग घायल हो गए. सभी आठ घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पकरीबरावां में कराया जा रहा है.

पाइप में टूलू मोटर लगाने का आरोप

घटना के संबंध में मंटू रविदास ने बताया कि गांव में नल-जल योजना के तहत पानी की आपूर्ति होती है. आरोप है कि उसके घर के समीप रहने वाले लखीचंद रविदास के पुत्रों ने नल-जल की पाइप में टूलू मोटर लगा रखी है. इससे आसपास के घरों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है. आरोप है कि मोटर के जरिए खेतों की सिंचाई भी की जाती है, जिसके कारण कई घरों तक पेयजल नहीं पहुंच पाता है.

मंटू रविदास के अनुसार, इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ. सोमवार की सुबह परिवार के लोग लखीचंद रविदास के घर पहुंचे और कुछ देर के लिए टूलू मोटर बंद करने को कहा. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से लाठियां चलने लगीं.

दोनों पक्षों से चार-चार लोग घायल

मारपीट में एक पक्ष से प्रदुम्न कुमार, मुन्नी देवी, चरितर रविदास और निर्मला कुमारी घायल हुए हैं. वहीं, दूसरे पक्ष से लल्लू रविदास, राहुल रविदास, लखिया देवी और सरोजा देवी घायल हुई हैं. सभी घायलों का इलाज सीएचसी पकरीबरावां में चल रहा है.

Also Read : नवादा में ऑपरेशन के 12 घंटे बाद महिला की मौत पर हंगामा, अस्पताल प्रबंधक ने 200 लोगों पर दर्ज करायी प्राथमिकी

सूचना पर पहुंची डायल-112 की टीम

मारपीट की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम थालपोस गांव पहुंची और घटना की जानकारी ली. टीम ने दोनों पक्षों को थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देने का निर्देश दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग

ग्रामीणों ने नल-जल की पाइप में टूलू मोटर लगाए जाने की जांच कराने और सभी घरों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि पानी जैसी बुनियादी जरूरत को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है. ऐसे में प्रशासन को मामले में तत्काल पहल करनी चाहिए.

Also Read : 28 अगस्त को मनेगा रक्षाबंधन, राखी बाजारों में बढ़ी चहल-पहल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विश्वनाथ कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >