Nawada News: नवादा जिले के पकरीबरावां में सड़क जाम समाप्त होने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने घटनास्थल का जायजा लिया. उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की और परिजनों व स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं.
निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश
एसपी ने पकरीबरावां थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर की जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं होगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.
संदिग्धों से होगी पूछताछ
पुलिस अधीक्षक ने संदिग्धों से पूछताछ तेज करने, सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण करने का आदेश दिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामले का जल्द से जल्द उद्भेदन कर सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं.
अफवाह फैलाने वालों पर नजर
क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं. एसपी ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा पीड़ित परिवार के साथ लगातार संपर्क बनाकर उन्हें जांच की प्रगति की जानकारी दी जाए.
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान सर्किल इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार और पकरीबरावां थानाध्यक्ष रंजन चौधरी समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. घटनास्थल पर सुरक्षा के लिहाज से पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.
