नवादा के पकरीबरावां में भाई-बहन ने एक साथ नीट परीक्षा में पाई सफलता, परिजन खुश

नवादा के मकनपुर गांव निवासी पप्पू सिंह के संरक्षण में कोटा में पढ़ाई कर रहे रितेश कुमार और ऋचा कुमारी ने NEET परीक्षा 2026 में एक साथ शानदार सफलता हासिल की है. दोनों भाई-बहन ने अपने दूसरे प्रयास में डॉक्टर बनने के अपने सपने को साकार किया है.

Nawada News: प्रखण्ड क्षेत्र के मकनपुर गांव निवासी पप्पू सिंह के संरक्षण में रहकर राजस्थान के कोटा में पढ़ाई कर पकरीबरावां थाना के बाजितपुर गांव निवासी रवि रंजन कुमार व शोभा कुमारी के पुत्र रितेश कुमार और पुत्री ऋचा कुमारी ने एक साथ नीट परीक्षा 2026 में सफलता पाई है. दोनों ने एक साथ इस कठिन परीक्षा को पास कर अपने नाना पप्पू सिंह समेत समस्त परिवार को गौरवांवित किया है. इसके साथ ही दोनों बच्चों ने अपने माता-पिता के सपने को साकार करते हुए चिकित्सक बनने के रास्ते को प्रशस्त किया है.

रितेश और ऋचा को नीट में मिले बेहतरीन अंक

नतीजों की बात करें तो भाई रितेश कुमार ने 720 अंकों की परीक्षा में कुल 655 अंक अर्जित किए हैं. इसके साथ ही उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 1160 तथा ईडब्ल्यूएस (EWS) कैटेगरी में 87वां रैंक हासिल किया है. वहीं, उनकी बहन ऋचा कुमारी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 622 अंक अर्जित किए हैं. ऋचा ने ऑल इंडिया रैंक 4685 तथा ईडब्ल्यूएस कैटेगरी में 457वां रैंक प्राप्त कर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है. दोनों भाई-बहनों ने अपने दूसरे प्रयास में यह बड़ी सफलता अर्जित की है.

कोटा में माता-पिता की निगरानी में की पढ़ाई

सफलता से खुश व्यवसाई पिता और गृहिणी माता ने बताया कि दोनों बच्चों की प्राथमिक शिक्षा वारिसलीगंज में हुई थी, जबकि कक्षा 6 से लेकर 12वीं तक की शिक्षा राजस्थान के कोटा स्थित एलेन इंस्टीट्यूट से पूरी हुई. बच्चों की इस सफलता के पीछे नाना पप्पू सिंह का आर्थिक सहयोग एवं माता-पिता की दृढ़ इच्छाशक्ति रही है, जिन्होंने राजस्थान के कोटा में वर्षों तक अपनी निगरानी में रखकर बच्चों को पढ़ाया. दोनों भाई-बहनों की इस दोहरी सफलता पर वारिसलीगंज और पकरीबरावां प्रखण्ड के बुद्धिजीवियों, सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों तथा परिजनों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Bipin kumar

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >