Nawada ration dealers protest: महंगाई और सरकारी उदासीनता से परेशान जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है. फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के बैनर तले राज्यभर के डीलर 24 अगस्त को पटना के गर्दनीबाग में विशाल धरना-प्रदर्शन करेंगे. आंदोलन में शामिल होने के लिए रजौली से भी डीलरों का जत्था प्रखंड अध्यक्ष कुमार नवशीष कुमार के नेतृत्व में पटना के लिए रवाना हुआ.
16 पंचायतों के डीलरों ने लिया आंदोलन में शामिल होने का निर्णय
पटना आंदोलन की तैयारी को लेकर एक सप्ताह पूर्व रजौली प्रखंड सभागार में संघ की बैठक हुई थी. इसमें रजौली की सभी 16 पंचायतों के जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं ने हिस्सा लिया. बैठक में सर्वसम्मति से पटना में आयोजित आंदोलन में प्रत्येक विक्रेता की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया. सभी पंचायतों से डीलरों की सूची भी तैयार कर जमा की गई है.
30 हजार रुपये मासिक मानदेय की मांग
संघ के प्रखंड अध्यक्ष कुमार नवशीष कुमार ने बताया कि डीलर आठ सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. उनकी प्रमुख मांग गुजरात की तर्ज पर 30 हजार रुपये मासिक मानदेय देने की है. इसके अलावा झारखंड की तर्ज पर अनुकंपा नियुक्ति की समय सीमा समाप्त करने और पिछले छह महीने से एक वर्ष तक लंबित कमीशन का भुगतान करने की मांग की जा रही है.
बढ़े कमीशन का एक साल बाद भी नहीं हुआ भुगतान
प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने कमीशन में 47 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की थी, लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी बढ़े हुए कमीशन की राशि डीलरों के खातों में नहीं पहुंची है. इससे डीलरों में नाराजगी है.
मांगें नहीं मानीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
पटना में होने वाले धरना-प्रदर्शन के दौरान संघ का प्रतिनिधिमंडल विभागीय सचिव और मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी मांगों को लेकर वार्ता करेगा. संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो राज्यभर के डीलर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे. ऐसी स्थिति में राज्य में राशन वितरण व्यवस्था प्रभावित होने की बात कही गई है.
आंदोलन में शामिल होने से पहले रजौली के डीलरों में उत्साह देखा गया. इस दौरान संघ के कोषाध्यक्ष बोलेंद्र प्रसाद सिंह, पैक्स अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सिंह, संजय कुमार, ललन गुप्ता, सच्चिदानंद प्रसाद, मदन रजक, योगेंद्र पासवान, राजीव रजक, कुंदन कुमार, प्रमोद अग्रवाल, सरिता कुमारी, कुमारी वंदना, प्रियंका कुमारी और दामोदर यादव सहित बड़ी संख्या में विक्रेता मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें:‘अंकल बचा लीजिए...’ गिड़गिड़ाती रही लड़की, नकाबपोश बदमाशों ने टेलर दुकान से खींचकर मारी गोली; पुलिस ने बताई वजह
