नवादा : रजौली में छह हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य, बीडीओ की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक

रजौली प्रखंड में 6000 नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज. बीडीओ संजीव झा ने जन वितरण प्रणाली दुकानदारों के साथ समीक्षा बैठक कर 13 अगस्त 2026 तक लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए. नए राशन कार्ड के लिए आवश्यक दस्तावेजों की सूची और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी.

Nawada News: नवादा जिले के रजौली प्रखंड के अंतर्गत करीब छह हजार नए राशन कार्ड बनाने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को समय पर पूरा करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया. प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) संजीव झा की अध्यक्षता में प्रखंड सभागार में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों के साथ समीक्षा बैठक की गई. इस बैठक में आगामी 13 अगस्त 2026 तक निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में प्राप्त करने की समय-सीमा (डेडलाइन) तय की गई है.

बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें मुख्य रूप से नगर स्वच्छता पदाधिकारी राहुल कुमार, एमओ अजीत कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष संतोष कुमार वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रमोद कुमार सिंह तथा प्रमुख प्रतिनिधि रविंद्र कुमार उर्फ बबलू यादव मौजूद रहे.

डीलर और पैक्स अध्यक्षों को मिले निर्देश

इस महत्वपूर्ण बैठक में जन वितरण प्रणाली से जुड़े डीलरों और पैक्स अध्यक्षों को कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक में डीलर कोषाध्यक्ष बोलेन्द्र प्रसाद सिंह, नवशीष कुमार दरोगी साव, पैक्स अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सिंह, संजय कुमार, प्रमोद अग्रवाल, ललन गुप्ता, नवीन कुमार, संतोष कुमार, जोगिंदर पासवान, ललन सिंह, कुंदन कुमार, गौतम कुमार तथा अनुज कुमार सहित कई अन्य गणमान्य लोग सक्रिय रूप से उपस्थित रहे.

राशन कार्ड के लिए ये दस्तावेज हैं अनिवार्य

बीडीओ संजीव झा ने स्पष्ट किया कि रजौली प्रखंड में नए राशन कार्ड बनवाने के इच्छुक लाभार्थियों को अपने आवेदन के साथ निम्नलिखित अनिवार्य दस्तावेज संलग्न करने होंगे:

  • जाति, निवास एवं आय प्रमाण-पत्र की स्व-अभिप्रमाणित (सेल्फ अटेस्टेड) प्रति.
  • परिवार के मुखिया का स्पष्ट पासपोर्ट आकार का रंगीन फोटो.
  • बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ की छायाप्रति.
  • परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की स्पष्ट छायाप्रति.
  • आधार कार्ड से लिंक एक सक्रिय मोबाइल नंबर तथा चालू ई-मेल आईडी.

आरटीपीएस या सीएसपी केंद्र पर करें आवेदन

अधिकारियों ने बताया कि इन सभी जरूरी कागजातों को एकत्रित करके ग्रामीण अपने-अपने पंचायत के पंचायत भवन में संचालित आरटीपीएस (RTPS) काउंटर पर अथवा अपने नजदीकी सीएसपी (CSP) केंद्र पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन जमा कर सकते हैं. आवेदन प्राप्त होने के बाद प्रशासन द्वारा पूरी सतर्कता से विधि सम्मत जांच व आवश्यक कागजी कार्रवाई करते हुए नए राशन कार्ड निर्गत करने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा.

जंगली इलाकों में बसे परिवारों की होगी जांच

इसी बैठक के दौरान जब प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) का ध्यान हरदिया पंचायत और धमनी पंचायत के जंगली इलाकों में दूसरे राज्यों से आकर बसे मुंडा, आदिवासी और संथाली समुदाय के परिवारों के राशन कार्ड निर्माण की ओर आकृष्ट कराया गया, तो उन्होंने अत्यंत संवेदनशीलता दिखाई. एमओ ने कहा कि यह पूरा मामला अब स्थानीय प्रशासन के संज्ञान में आ चुका है. ऐसे परिवारों के आवासीय प्रमाण-पत्र की गहनता से जांच की जाएगी. किसी भी प्रकार का संशय या तकनीकी व्यवधान उत्पन्न होने की स्थिति में वरीय अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त कर निर्देशों के आलोक में नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रह सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kr manish dev

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >