बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से समेकित जांच चौकी रजौली पर उत्पाद विभाग की टीम द्वारा लगातार सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा के निर्देशानुसार तथा उत्पाद निरीक्षक अमृत कुमार गुप्ता के कुशल नेतृत्व में उत्पाद पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए झारखंड की ओर से आ रही एक संदिग्ध सफेद रंग की महिंद्रा एक्सयूवी 500 लग्जरी गाड़ी निबंध संख्या- जेएच10एजी/9100 को जांच के लिए रोका. वाहन की बारीकी से तलाशी लेने पर उसके भीतर छिपाकर रखी गई विभिन्न नामी ब्रांडों की कुल 432.360 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई.
बरामद शराब में ओल्ड हैबिट व्हिस्की की 375 मिली वाली 600 बोतलें,रॉयल चैलेंज व्हिस्की की 180 मिली वाली 192 पेट बोतलें तथा लंडन बेवरेजेज जॉर्ज विलियम व्हिस्की की 180 मिली वाली 960 पेट बोतलें शामिल हैं.कार्रवाई के दौरान मौके से शराब के अवैध परिवहन में लिप्त वाहन चालक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया, जिसकी पहचान झारखंड राज्य के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रमुआ धोबी मोहल्ला निवासी राम प्रवेश कसेरा के 24 वर्षीय पुत्र मिथुन कुमार कसेरा के रूप में हुई है.
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि अंतरप्रांतीय सीमा पर स्थित रजौली चेकपोस्ट पर प्रत्येक दिन सभी छोटे-बड़े वाहनों की सघन जांच की जाती है ताकि शराब तस्करी पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके.
मौके पर मामले में आवश्यक कागजी कार्रवाई एवं पूछताछ पूरी करने के उपरांत गिरफ्तार तस्कर को उत्पाद पुलिस टीम की अभिरक्षा में संबंधित दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया,जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
