Nawada News : नवादा के जीवन दीप पब्लिक स्कूल में शनिवार को महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर ‘झरोखा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मुंशी प्रेमचंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया.
शिक्षकों ने प्रस्तुतियों के माध्यम से किया प्रेमचंद को याद
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों ने मुंशी प्रेमचंद के व्यक्तित्व, कृतित्व और साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला. वक्ताओं ने कहा कि प्रेमचंद की रचनाएं आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रही हैं.
साहित्य की प्रासंगिकता और नैतिक मूल्यों पर हुई चर्चा
इस अवसर पर विद्यालय के कार्यकारी निदेशक डॉ. एकलव्य भगत ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में प्रेमचंद के साहित्य की समकालीन प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि प्रेमचंद की रचनाएं सामाजिक सरोकारों और मानवीय मूल्यों को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं. वहीं शैक्षणिक निदेशक अजीत कुमार सिन्हा ने साहित्य के माध्यम से नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों के विकास पर बल दिया. उन्होंने कहा कि साहित्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन जीव विज्ञान शिक्षक नवीन कुमार ने किया. कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य रविभूषण सिंह ने सभी उपस्थित शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया. उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकों की सहभागिता की सराहना की.
