पुलिस पर अत्याचार का लगा आरोप

नवादा न्यूज : एसपी से पीड़ित महिलाओं ने न्याय की लगायी गुहार

नवादा न्यूज : एसपी से पीड़ित महिलाओं ने न्याय की लगायी गुहार

नवादा कार्यालय.

जिले में महिलाओं पर पुलिसकर्मियों का अत्याचार थमने का नाम नहीं ले रहा है. नारदीगंज थाना क्षेत्र के पड़रिया का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि पकरीबरावां थाना क्षेत्र का एक मामले सामने आ रहा है. पीड़ित महिलाओं ने एसपी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है.

क्या है मामला :

जिले के पकरीबरावां प्रखंड क्षेत्र की कबला पंचायत के सिंदुआरा गांव में एक मार्च को करीब नौ बजे थाने में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक चंदन सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ अकारण घर में प्रवेश कर जमकर महिलाओं के साथ अत्याचार किया. इतने से मन नहीं भरा, तो थाना ले आये. जब विरोध शुरू हुआ, तो थाने से मुक्त कर दिया. सारा खेल पैसे के लिए हुआ. पीड़ित महिलाओं के विरुद्ध कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं रहने के बावजूद ऐसा किया जाना पुलिसिया मनमानी को दर्शाता है.

एसपी से लगायी न्याय की गुहार :

पीड़ित महिलाओं में सुनीता देवी, रीना देवी, बबीता देवी व अमेरिकी देवी का आरोप है कि सुबह नौ बजे जब वह स्नान कर रही थी. दारोगा चंदन सिंह दरवाजा खोल घर में प्रवेश किये तथा गाली-गलौज आरंभ कर दिया. गाली देने से मना किया, तो मारपीट की. इस तरह का अनैतिक कार्य दूसरे घरों में भी किया गया तथा सभी को थाने ले आया. आश्चर्य यह कि ऐसा बगैर किसी प्राथमिकी के किया. घर के किसी पुरुष व महिला पर पूर्व से कोई प्राथमिकी नहीं है. इसके बावजूद ऐसा कर कानून अपने हाथ में लिया. ऐसा किये जाने से परिवार के साथ पूरा गांव किसी अनहोनी की आशंका से सहमा है. पीड़ित महिलाओं ने एसपी अभिनव धीमान को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है.

क्या कहते हैं थानेदार :

पकरीबारवा थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक रणजीत कुमार ने बताया कि एक मामले में महिला पुलिस पदाधिकारी जांच में पहुंची थी, तो आरोपित महिलाओं ने जांच में बाधक बन आरोपित को भगा दिया था. महिला पुलिस पदाधिकारी के साथ बदसलूकी तथा धक्का-मुक्की की गयी थी. उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र के असमा गांव की आहर तथा पानी बहाव को सिंदुआरा के विजय महतो ने अपनी जेसीबी से अवरूद्ध कर दिया था. इसकी शिकायत पुलिस तक पहुंची थी. पुलिस पदाधिकारी जांच में सिंदुआरा पहुंची, तो उक्त महिलाओं ने आरोपित को पिछले दरवाजे से भगा दिया. पुलिस ने एक व्यक्ति को भागते देखा. ऐसे इन सब महिलाओं की ओर से पहले भी पुलिस के साथ बदसलूकी तथा पुलिस के कार्य में बाधा पहुंचने का मामले है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >