नवादा में फोरलेन बना पार्किंग ज़ोन, सड़क किनारे खड़े हाईवा से बढ़ रहा दुर्घटनाओं की आशंका; स्कूली बच्चे और एंबुलेंस भी जाम में फंसे

अकबरपुर में रजौली–बख्तियारपुर फोरलेन सड़क किनारे खड़े हाईवा से यातायात बाधित हो रहा है. सड़क संकरी होने से जाम और हादसे का खतरा बढ़ गया है. स्कूली बच्चे और एंबुलेंस भी प्रभावित हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध पार्किंग हटाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Nawada Fourlane Parking Issue : नवादा के अकबरपुर क्षेत्र में रजौली–बख्तियारपुर फोरलेन सड़क इन दिनों अव्यवस्था का शिकार हो गई है. सड़क किनारे रोजाना दर्जनों हाईवा खड़े रहने से आम यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. स्थिति यह है कि सड़क की चौड़ाई कम हो जाने के कारण यातायात बाधित हो रहा है और हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले ये हाईवा गोपालपुर मोड़ से खखंदुआ क्षेत्र से गिट्टी लादकर आवाजाही करते थे. लेकिन धूल और भारी वाहनों की समस्या को लेकर स्थानीय विधायक अनिल सिंह और ग्रामीणों के प्रयास से रोक लगाए जाने के बाद ये सभी वाहन पिछले कई दिनों से फोरलेन के किनारे ही खड़े किए जा रहे हैं. परिणामस्वरूप सड़क अब पार्किंग स्थल में तब्दील होती जा रही है.

Nawada News : घंटों नहीं, पूरी रात खड़े रहते हैं वाहन

लोगों का कहना है कि कई हाईवा चालक अपने वाहन घंटों ही नहीं, बल्कि पूरी रात सड़क किनारे खड़ा कर देते हैं. इससे सड़क संकरी हो जाती है, जिसके कारण बस, कार और दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी होती है. खासकर रात के समय यह स्थिति और खतरनाक हो जाती है, क्योंकि खड़े वाहनों के कारण सामने से आ रहे वाहनों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है.

एक मोटरसाइकिल सवार ने बताया कि कई बार अचानक सामने हाईवा खड़ा मिलने से हादसा होते-होते बचा है. ऐसे में कभी भी बड़ा दुर्घटना हो सकता है.

Highway Parking Problem : स्कूली बच्चे और एंबुलेंस भी जाम में फंसे

इस समस्या का असर केवल आम यात्रियों तक सीमित नहीं है. स्कूली बच्चों, एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों को भी जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है. इससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है.

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि संबंधित विभाग और नेमदारगंज पुलिस इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रही है. समय-समय पर कार्रवाई नहीं होने से स्थिति और बिगड़ती जा रही है.

प्रशासन से कार्रवाई की मांग तेज

फतेहपुर के रुपेश कुमार, पतागी के आनंदी प्रसाद और दरियापुर गांव के मुकेश कुमार समेत कई लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि फोरलेन किनारे अवैध रूप से खड़े हाईवा पर तुरंत कार्रवाई की जाए. साथ ही भारी वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की जाए, ताकि सड़क पर यातायात सुचारु रूप से चल सके.

नवादा की सभी ख़बरें यहां पढ़ें

लोगों का कहना है कि यदि जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है.

थानाध्यक्ष का आश्वासन

इस मामले में नेमदारगंज थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने कहा कि फोरलेन के किनारे खड़े भारी वाहनों को हटाकर अन्य जगह भेजा जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

अकबरपुर क्षेत्र में फोरलेन सड़क पर खड़े हाईवा अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी और खतरे का कारण बन चुके हैं. अब जरूरत है प्रशासन की सख्त कार्रवाई और ठोस व्यवस्था की, ताकि सड़क पर यातायात सुरक्षित और सुचारु रह सके.

Also Read: नवादा में जनगणना प्री-टेस्ट का औचक निरीक्षण, केंद्र की टीम ने परखी जमीनी हकीकत; रजिस्टर और डेटा एंट्री की जांच


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Anil kumar

Published by: Raginisharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >