Nawada Job Fair 2026 : युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार के निर्देश पर जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, नवादा द्वारा 1 अगस्त से 19 अगस्त 2026 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों और जिला नियोजनालय परिसर में रोजगार शिविर लगाए जाएंगे. रोजगार शिविर का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है.
250 पदों पर होगी भर्ती
जिला नियोजन पदाधिकारी सुनील कुमार सुमन ने बताया कि एसआईएस इंडिया लिमिटेड, चकाई (जमुई) की ओर से सुरक्षा गार्ड, सुरक्षा सुपरवाइजर, सुरक्षा अधिकारी और कैश कस्टोडियन समेत कुल 250 पदों पर भर्ती की जाएगी. चयन कंपनी के निर्धारित मापदंडों के अनुसार किया जाएगा.
पद के अनुसार मिलेगा वेतन
चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार वेतन दिया जाएगा. सुरक्षा गार्ड को ₹12,000 से ₹22,000, सुरक्षा सुपरवाइजर को ₹17,000 से ₹24,000, सुरक्षा अधिकारी को ₹33,000 से ₹40,000 तथा कैश कस्टोडियन को ₹15,000 से ₹22,000 तक मासिक वेतन मिलेगा. इसके अलावा ईपीएफ, ईएसआईसी और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी. चयनित उम्मीदवारों की तैनाती देश के विभिन्न राज्यों में की जा सकती है.
कौन कर सकता है आवेदन
भर्ती प्रक्रिया में 19 से 40 वर्ष आयु वर्ग के केवल पुरुष अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे. पद के अनुसार न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं, इंटरमीडिएट और स्नातक निर्धारित की गई है. सभी उम्मीदवारों का चयन कंपनी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा.
इन प्रखंडों में लगेगा रोजगार शिविर
रोजगार शिविर का आयोजन निम्न तिथियों पर संबंधित प्रखंडों में किया जाएगा.
- 01 अगस्त: पकरीबरावां
- 03 अगस्त: काशीचक
- 05 अगस्त: वारिसलीगंज
- 06 अगस्त: कौआकोल
- 07 अगस्त: रोह
- 08 अगस्त: गोविंदपुर
- 10 अगस्त: अकबरपुर
- 11 अगस्त: नारदीगंज
- 12 अगस्त: हिसुआ
- 13 अगस्त: मेसकौर
- 14 अगस्त: रजौली
- 17 अगस्त: नरहट
- 18 अगस्त: सिरदला
- 19 अगस्त: संयुक्त श्रम भवन, जिला नियोजनालय, नवादा.
इन दस्तावेजों के साथ पहुंचे
रोजगार शिविर प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित होगा. इच्छुक अभ्यर्थी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति, आधार कार्ड, रंगीन पासपोर्ट फोटो और बायोडाटा के साथ शिविर स्थल पर पहुंच सकते हैं. रोजगार मेले में भाग लेने के लिए एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है. जिन उम्मीदवारों का पंजीकरण नहीं है, वे जिला नियोजनालय, नवादा में पंजीकरण कराकर शिविर में शामिल हो सकते हैं.
Also Read : नवादा में 8 साल की बच्ची की अपहरण के बाद दरिंदगी और हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
