Nawada News : (जावेद नजफ) नवादा गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र की सरकंडा पंचायत अंतर्गत सरस्वती बीघा एवं महावरा गांव में मंगलवार अहले सुबह एक बार फिर जंगली हाथी का आतंक देखने को मिला. हाथी के गांव में पहुंचते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही वन विभाग और गोविंदपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा गया .
आम बगीचे में घुसकर मचाया उत्पात
जानकारी के अनुसार सरस्वती बीघा गांव निवासी अलखदेव प्रसाद के आम बगीचे में जंगली हाथी पहुंच गया, जहां उसने कई आम के पेड़ों और फलों को क्षतिग्रस्त कर दिया. सुबह के समय हाथी को देखकर ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया. लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग और गोविंदपुर थाना को दी .
पुलिस और वन विभाग ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना अध्यक्ष विजय कुमार ने वन विभाग से संपर्क किया, जहां हाथी होने की पुष्टि की गई. इसके बाद थाना अध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और वन विभाग की टीम के साथ मिलकर हाथी को गांव से बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया .
महावरा गांव में घरों को पहुंचाया नुकसान
बताया जाता है कि आम खाने के बाद हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया गया था, लेकिन कुछ देर बाद वही हाथी महावरा गांव पहुंच गया. वहां हाथी ने सुल्तान मियां के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके अलावा मुस्लिम मियां की झोपड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया .
शादी में गए थे परिजन, टला बड़ा हादसा
ग्रामीणों के अनुसार घटना के समय सुल्तान मियां के परिवार के लोग शादी-विवाह समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे, जिस कारण घर में कोई मौजूद नहीं था. इसी दौरान हाथी ने घर को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया. लोगों का कहना है कि यदि उस समय परिवार घर में मौजूद रहता तो बड़ा हादसा हो सकता था .
सुबह चार बजे दिखा हाथी, ग्रामीणों ने दिखाई हिम्मत
सुबह करीब चार बजे ग्रामीणों की नजर हाथी पर पड़ी, जिसके बाद गांव में दहशत फैल गई. ग्रामीणों ने एकजुट होकर साहस दिखाया और हाथी को गांव से बाहर निकालने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल की दिशा में खदेड़ा गया .
इलाके में अब भी दहशत, वन विभाग अलर्ट
हालांकि हाथी की सक्रियता अभी भी इलाके में बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल कायम है. वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और लोगों से सतर्क रहने तथा रात में अकेले बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है.
