Nawada News (पप्पू कुमार प्रभाकर): नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के बभनी गांव में सोमवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. इस मारपीट में दोनों पक्षों के 12 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है. सूचना मिलते ही सिरदला थाना की डायल 112 पुलिस टीम एसआई विनोद कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) सिरदला में भर्ती कराया, जहां डॉ. जनार्दन कुमार और डॉ. अजय कुमार की टीम ने उनका प्राथमिक उपचार किया.
कॉलेज जाने के दौरान छात्रा से दुर्व्यवहार का आरोप
प्रथम पक्ष की ओर से अनीता देवी, उंगता देवी, समुद्री देवी, रानी देवी, सुष्मिता कुमारी, रीना देवी, राजो पासवान, सतेंद्र पासवान और धर्मेंद्र पासवान सहित आठ लोग घायल हुए हैं. घायल छात्रा सुष्मिता कुमारी ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद से जुड़े लोगों के अलावा गांव के अन्य असामाजिक तत्वों ने भी उनके परिवार पर हमला किया. उसने बताया कि जब वह कॉलेज जा रही थी, तब उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया और बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया गया. वहीं सतेंद्र पासवान का आरोप है कि कुछ बाहरी लोगों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का दबाव बनाने की कोशिश भी की.
दो गंभीर रूप से घायल, सदर अस्पताल रेफर
वहीं दूसरे पक्ष से लक्ष्मी देवी और अनीता देवी समेत कई लोग घायल हुए हैं. चिकित्सकों के अनुसार प्रथम पक्ष के राजो पासवान और दूसरे पक्ष की लक्ष्मी देवी की हालत काफी गंभीर है. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया गया है.
थाना प्रभारी का बयान: सिरदला थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. घटना में शामिल जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : नालंदा के बिंद में अवैध मिट्टी खनन पर बड़ी रेड, पुलिस पहुंचते ही जेसीबी छोड़ भागे चालक
