नवादा में केएलएस कॉलेज के पास तेज रफ्तार बालू लोड ट्रैक्टर ने बस में मारी जोरदार टक्कर, बाल-बाल बचे यात्री

Nawada News: नवादा में केएलएस कॉलेज के समीप रविवार को एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने सवारी बस में सामने से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस हादसे में बस चालक और सभी यात्री बाल-बाल बच गए, जबकि घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.

Nawada News(बब्लू कुमार): नवादा जिला मुख्यालय स्थित केएलएस कॉलेज के समीप रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. यहाँ एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने ‘प्रिंस’ नामक यात्री बस में सामने से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, हालांकि गनीमत यह रही कि बस चालक और उसमें सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

स्टैंड से खुलते ही हादसे का शिकार हुई बस

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रिंस नामक यात्री बस तीन नंबर बस स्टैंड से सवारियां लेकर कौवाकोल के लिए रवाना हुई थी. बस अभी स्टैंड से कुछ ही दूरी पर केएलएस कॉलेज के पास पहुंची थी कि विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने सामने से उसमें सीधी टक्कर मार दी. टक्कर की वजह से ट्रैक्टर भी अनियंत्रित हो गया और करीब 100 मीटर दूर जाकर एक नाले से टकरा गया.

वाहन छोड़कर फरार हुआ ट्रैक्टर चालक, पुलिस ने किया जब्त

हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक पुलिसिया कार्रवाई के डर से वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रैक्टर दोनों को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.

अवैध बालू ढुलाई और तेज रफ्तार पर उठे सवाल

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मिर्जापुर सूर्य मंदिर रोड, नेहालुचक और इंदिरा चौक मार्ग पर हर दिन सुबह 4 बजे से 7 बजे के बीच खुलेआम अवैध बालू लदे ट्रैक्टर तेज गति से दौड़ते हैं. लोगों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन की सुस्ती के कारण इन रास्तों पर आए दिन हादसे हो रहे हैं और स्थानीय निवासियों की जान जोखिम में बनी रहती है.

Also Read : नवादा में भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, अस्पतालों में बढ़े मरीज, स्कूली बच्चों का हाल बेहाल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >