नवादा में बिजली व्यवस्था वेंटिलेटर पर: मेंटेनेंस के दावों की खुली पोल, रातभर अंधेरे में डूबे रहे कई मोहल्ले, भड़के शहरवासी

Nawada News: नवादा नगर में पिछले तीन-चार दिनों से बिजली संकट गहरा गया है. शुक्रवार की रात सोनार पट्टी, गोला रोड और मछली मार्केट इलाके में 11 केवी (kv) केबल खराब होने और ट्रांसफार्मर वायर में आग लगने के कारण रातभर कई मोहल्ले अंधेरे में रहे. दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई. बिजली विभाग के एसडीओ प्रत्युष कुमार ने शनिवार शाम तक व्यवस्था सामान्य करने का दावा किया है, जबकि स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने विभाग के मासिक मेंटेनेंस के दावों पर सवाल उठाते हुए जर्जर तारों को बदलने की मांग की है.

Nawada News(बब्लू कुमार): नवादा शहर में पिछले तीन-चार दिनों से बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है. चिलचिलाती गर्मी और उमस के बीच कहीं लो वोल्टेज की समस्या लोगों का खून सुखा रही है, तो कहीं जर्जर ट्रांसफार्मर और बार-बार तारों के जल जाने के कारण घंटों बिजली गुल रह रही है.  शुक्रवार की पूरी रात शहर के कई प्रमुख मोहल्ले पूरी तरह अंधेरे में डूबे रहे, जिससे त्रस्त लोगों का गुस्सा अब सातवें आसमान पर पहुंच गया है.

मछली मार्केट के पास 11 KV का केबल उड़ा, आधी रात को करनी पड़ी मशक्कत

शुक्रवार की रात शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार सोनार पट्टी रोड, गोला रोड और मेन रोड मछली मार्केट के आसपास अचानक बिजली व्यवस्था ठप हो गई. उमस भरी गर्मी के बीच अचानक कटी बिजली के कारण आधी रात तक लोग घरों से बाहर सड़कों पर टहलने को मजबूर रहे.  संकट गहराने पर बिजली मिस्त्री नीलू को देर रात भारी मशक्कत के बीच मौके पर पहुंचकर आपातकालीन मरम्मत कार्य संभालना पड़ा, जिसके बाद आंशिक रूप से आपूर्ति बहाल हो सकी. बिजली मिस्त्री ने बताया कि मछली मार्केट के समीप 11 हजार वोल्ट का मुख्य अंडरग्राउंड केबल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसे पूरी तरह ठीक करने का काम शनिवार को दिन में किया जाएगा. इसके अलावा ट्रांसफार्मर वायर खराब होने से भी कई फीडर प्रभावित चल रहे हैं.

ट्रांसफार्मर वायर में लगी आग, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजली विभाग के एसडीओ (SDO) प्रत्युष कुमार ने बताया कि शुक्रवार को एक मुख्य ट्रांसफार्मर के वायर में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई थी, जिससे कई इलाकों की बिजली पूरी तरह ठप हो गई.

उन्होंने कहा कि आग की सूचना मिलते ही तुरंत दमकल विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर आग पर काबू पाया गया. मरम्मत का काम युद्धस्तर पर जारी है और शनिवार की शाम तक प्रभावित इलाकों की व्यवस्था पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी. गर्मी के कारण लोड अत्यधिक बढ़ गया है, जिससे तकनीकी फॉल्ट आ रहे हैं. लो वोल्टेज की शिकायत मिलने पर तुरंत सुधार किया जाता है.

विभाग के खोखले मेंटेनेंस पर उठे गंभीर सवाल

शहरवासियों ने बिजली विभाग की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि विभाग हर महीने शटडाउन लेकर मेंटेनेंस के नाम पर तीन से चार घंटे बिजली काटता है. लेकिन करोड़ों रुपये बहाने के बावजूद धरातल पर नतीजा सिफर है. आए दिन तारों का जल जाना, स्पार्किंग होना और ट्रांसफार्मर से धुआं निकलना अब नवादा की नियति बन चुकी है.

आम जनता और व्यापारियों का फूटा गुस्सा

सोनार पट्टी निवासी राजेश कुमार ने बताया कि रातभर बिजली गायब रहने से छोटे बच्चे और बुजुर्ग रातभर सो नहीं सके. विभाग सिर्फ आश्वासन का लॉलीपॉप थमाता है. वहीं गोल रोड में दुकानदार मुकेश गुप्ता ने कहा कि लो वोल्टेज का यह आलम है कि दुकान के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और इनवर्टर खराब हो रहे हैं. हमारा रोजाना का व्यापार चौपट हो रहा है. छात्र आदित्य कुमार ने भी बिजली विभाग पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिजली कटने से रात की पढ़ाई पूरी तरह बाधित हो रही है. परीक्षाओं के समय में विभाग की लापरवाही छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है.

अब केवल जमीनी सुधार की मांग

नवादा के प्रबुद्ध नागरिकों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से मांग की है कि केवल मेंटेनेंस के नाम पर खानापूर्ति बंद की जाए. शहर के तमाम जर्जर, लटके हुए नंगे तारों और ओवरलोडेड खराब ट्रांसफार्मरों को अविलंब बदला जाए, ताकि शहरवासियों को इस जानलेवा गर्मी में बिजली संकट से स्थायी निजात मिल सके.

Also Read: चौसा-बक्सर मार्ग पर हादसा: दुकान में घुसा ईंट लदा ट्रैक्टर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >