Nawada News : अकबरपुर में आगामी बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में बुधवार को थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया और शांति समिति की बैठक आयोजित की गई.
बाजार और संवेदनशील इलाकों में निकाला गया फ्लैग मार्च
थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस बल ने अकबरपुर बाजार और विभिन्न संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया. इस दौरान लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सोशल मीडिया पर भी रहेगी पुलिस की नजर
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों की लगातार निगरानी की जाएगी. किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी. पुलिस ने लोगों से भी जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने की अपील की है.
शांति समिति की बैठक में सौहार्द बनाए रखने पर जोर
थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, समाजसेवी और विभिन्न समुदायों के लोग शामिल हुए. बैठक में अधिकारियों ने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे और शांति का पर्व है, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें.
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
पुलिस प्रशासन ने बताया कि पर्व के दौरान संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. अधिकारियों को लगातार गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है.
Also Read : विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर बेगूसराय से टोक्यो तक गूंजा ‘पीरियड जागरूकता अभियान’
