Nawada News(आशुतोष कुमार): नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी पाली गांव में सोमवार को दोहरी हत्या की एक सनसनीखेज वारदात से पूरा इलाका दहल उठा. पुरानी रंजिश और पुलिस मुखबिरी के शक में हुए इस भीषण खूनी संघर्ष में दो युवकों की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतकों की पहचान छोटी पाली निवासी 20 वर्षीय मो. कासिफ और मो. अहमद के रूप में की गई है. इस हिंसक झड़प में दूसरे पक्ष की एक महिला नाजरी परवीन, मो. आतिफ और मो. आमिर गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं. सभी घायलों का इलाज नवादा सदर अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
वारंटी मो. फहीम के जेल जाते ही तिलमिलाए परिजन, बोला धावा
घटना की मुख्य वजह एक वारंटी की गिरफ्तारी और न्यायालय द्वारा उसे जेल भेजा जाना बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, आरोपी पक्ष के एक व्यक्ति मो. फहीम के खिलाफ लंबे समय से कोर्ट से वारंट निर्गत था. सोमवार को जब वह बेल (जमानत) लेने न्यायालय पहुंचा, तो कोर्ट ने उसकी अर्जी खारिज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. आरोप है कि मो. फहीम के जेल जाने से तिलमिलाए उसके परिजनों को मो. कासिफ और मो. अहमद पर पुलिस मुखबिरी करने का शक हुआ. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी कहासुनी शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और उग्र लोगों ने ताबड़तोड़ चाकूबाजी शुरू कर दी.
गांव में पुलिस बल तैनात, हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
इस रक्तरंजित वारदात के बाद छोटी पाली गांव में भारी तनाव व्याप्त हो गया है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. नरहट थाना पुलिस मौके पर लगातार कैंप कर रही है और फिलहाल हालात को पूरी तरह नियंत्रण में लिया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के हर पहलू की बेहद गहराई से जांच की जा रही है और हत्या की इस पूरी साजिश के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि मुख्य दोषियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. मुखबिरी के एक मामूली शक ने दो हंसते-खेलते परिवारों को कभी न भरने वाला गहरा जख्म दे दिया है.
Also Read :नवादा में भीषण गर्मी में सड़क पर बह रहा हजारों लीटर पानी, बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग
