नवादा से अनिल कुमार के रिपोर्ट
Nawada News : पंचायत राज विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार पंचायत विकास दिवस के अवसर पर रविवार को अकबरपुर प्रखंड के माखर पंचायत के पंचायत सरकार भवन परिसर में मुखिया शीला देवी की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सुमन शामिल हुए. ग्राम सभा में अनुमंडल पदाधिकारी स्वतंत्र कुमार सुमन, रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे.
महादलित बस्ती में जल्द होगी पेयजल व्यवस्था, मंत्री का भरोसा
कार्यक्रम के दौरान पंचायत विकास दिवस के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों की समस्याओं एवं पंचायत के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई. ग्राम सभा में मुखिया प्रतिनिधि संजय यादव ने पिथौरी मोड़ के समीप महादलित बस्ती में पेयजल की गंभीर समस्या उठाई. उन्होंने बताया कि बस्ती में अब तक शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इस पर जिला प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सुमन ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि महादलित बस्ती में जल्द ही पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी.
विकास योजनाओं में जनता की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर
कार्यक्रम में पंचायत विकास दिवस के तहत स्थानीय स्तर पर सतत विकास, जनभागीदारी और पंचायतों के माध्यम से विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया. ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और विकास संबंधी सुझावों को ग्राम सभा में रखा, जिनके समाधान का भरोसा प्रशासन द्वारा दिलाया गया. मुख्य अतिथि जिला प्रभारी मंत्री संतोष कुमार सुमन ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य ग्राम सभाओं को सशक्त बनाकर विकास योजनाओं में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना है.
हर पंचायत तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : मंत्री
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर पंचायत में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और ग्राम सभा में उठाई गई प्रत्येक जनसमस्या का समयबद्ध समाधान किया जाए. पिथौरी मोड़ के समीप महादलित बस्ती में पेयजल की समस्या गंभीर है, इसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दूर किया जाएगा. सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है.
Also Read : नवादा में दबंगों का कहर, बेटी की इज्जत बचाने पर माता-पिता को पीटा, घायल दंपति की हालत चिंताजनक
