Nawada News : (जावेद नजफ) बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग द्वारा राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के तहत आयोजित ‘एक्सपोजर विजिट आउटसाइड स्टेट’ कार्यक्रम के लिए गोविंदपुर प्रखंड की माधोपुर पंचायत के मुखिया प्रिंस कुमार उर्फ आनंदी यादव का चयन किया गया है. उनके चयन से पूरे प्रखंड और जिले में खुशी का माहौल है.
दूसरे राज्यों की आदर्श पंचायतों का करेंगे भ्रमण
राज्य पंचायत संसाधन केंद्र, पंचायती राज विभाग बिहार पटना के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत चयनित मुखियाओं और जनप्रतिनिधियों को देश के विभिन्न राज्यों की आदर्श पंचायतों का भ्रमण कराया जाएगा. इस दौरान पंचायत संचालन, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, डिजिटल व्यवस्था, स्वच्छता, जल प्रबंधन और जनभागीदारी जैसे विषयों का अध्ययन कराया जाएगा.
26 से 29 मई तक चलेगा अध्ययन दौरा
जानकारी के अनुसार मुखिया प्रिंस कुमार उर्फ आनंदी यादव 26 मई से 29 मई तक आयोजित इस अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम में शामिल रहेंगे. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान का उद्देश्य पंचायतों को अधिक सशक्त, जवाबदेह और प्रभावी बनाना है, ताकि गांवों में विकास योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो सके.
पंचायतों में पारदर्शिता और डिजिटल व्यवस्था पर जोर
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत पंचायतों के क्षमता निर्माण, डिजिटलीकरण, पारदर्शिता, जनभागीदारी और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष फोकस किया जा रहा है. दूसरे राज्यों की सफल पंचायतों से सीख लेकर स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को और बेहतर बनाया जाएगा.
पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर मिल चुका है सम्मान
माधोपुर पंचायत के मुखिया प्रिंस कुमार उर्फ आनंदी यादव इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हो चुके हैं. जल जीवन मिशन के तहत उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें पूरे देश के 100 चुनिंदा मुखियाओं में शामिल किया गया था. बिहार से चयनित 16 मुखियाओं में नवादा जिले से केवल दो प्रतिनिधियों का चयन हुआ था.
लाल किला समारोह में भी हुए थे शामिल
उनकी उपलब्धियों को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक लाल किला में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया था. यह सम्मान पूरे नवादा जिले के लिए गर्व का विषय बना था.
चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत दोबारा चयन होने पर पंचायत क्षेत्र में खुशी की लहर है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और समाजसेवियों ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि इस अध्ययन भ्रमण से पंचायत विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी और अन्य पंचायतों को भी प्रेरणा मिलेगी.
