नवादा (अकबरपुर) से अनिल कुमार की रिपोर्ट
Nawada News: नवादा जिले में अवैध कोयला और गिट्टी परिवहन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं. बरेब मोड़ से गोविंदपुर सड़क मार्ग पर दिन-रात भारी वाहनों के जरिए कोयला और गिट्टी की ढुलाई किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध कारोबार के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और आम लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
अवैध कोयला पासिंग को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध कोयला पासिंग का नेटवर्क सक्रिय है और दिन-रात कोयले का परिवहन किया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि इस कारोबार में कई लोगों की मिलीभगत होने के कारण प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है. लगातार हो रही ढुलाई के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है.
लिंक रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ी परेशानी
ग्रामीण अर्जुन यादव और संतोष सिंह ने बताया कि बरेब मोड़ से गोविंदपुर सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार जारी है. उनका कहना है कि कोयला और गिट्टी लदे ट्रकों के कारण सड़क की हालत खराब हो रही है. साथ ही ग्रामीणों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
फर्जी चालान के जरिए ढुलाई का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ परिवहनकर्ता फर्जी चालान के सहारे कोयला और गिट्टी की ढुलाई कर रहे हैं. उनका दावा है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस और स्थायी कार्रवाई नहीं हुई है. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
कानून-व्यवस्था पर भी उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि खुलेआम हो रहे इस कथित अवैध परिवहन से कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. उनका मानना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.
क्या कहते हैं जिला खनन पदाधिकारी
जिला खनन पदाधिकारी संतोष प्रकाश झा ने बताया कि रजौली से फतेहपुर मोड़ तक अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की गई है. इसके बाद फोरलेन और फतेहपुर-गोविंदपुर सड़क मार्ग से अवैध कोयला और गिट्टी का परिवहन काफी हद तक बंद हुआ है. उन्होंने कहा कि बरेब मोड़ क्षेत्र में भी जल्द कार्रवाई की जाएगी और अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.
Also Read: मायके रह रही थी पत्नी, गुजरात से अचानक पहुंचे पति ने कर दिया चाकू से ताबड़तोड़ हमला, जानिए वजह
