Nawada News : राजधानी पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित सातवीं राज्य स्तरीय योगासन चैंपियनशिप-2026 में नवादा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया. पहली बार बड़ी टीम के साथ प्रतियोगिता में उतरी नवादा की टीम ने प्रदेशभर के प्रतिभागियों को कड़ी चुनौती दी और एक स्वर्ण, एक रजत तथा तीन कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका में पांचवां स्थान हासिल किया.
नेहा ने जीता स्वर्ण, अन्य खिलाड़ियों ने भी दिलाए पदक
काशीचक प्रखंड की नेहा कुमारी ने पारंपरिक योगासन स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया. वहीं नवादा नगर की आंचल मेहता और नारदीगंज के फल्गु की ज्योति कुमारी की जोड़ी ने तालात्मक योगासन युगल स्पर्धा में रजत पदक तथा कलात्मक योगासन युगल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता. इसके अलावा नवादा नगर के केशव पांडेय और काशीचक प्रखंड के शिवम कुमार की जोड़ी तथा काशीचक प्रखंड की नेहा कुमारी और चांदमुनि की जोड़ी ने अलग-अलग वर्गों में कलात्मक योगासन युगल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया. प्रतियोगिता में पटना, पश्चिम चंपारण, रोहतास और सीतामढ़ी के बाद नवादा को पांचवां स्थान मिला.
Also Read : पाली पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित, 18 काउंटरों पर सुनी गईं ग्रामीणों की समस्याएं
महानिदेशक ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रन शंकरण ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि योगासन खेलों में बिहार के खिलाड़ियों के लिए उज्ज्वल भविष्य है. उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि भारत वर्ष 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा और इस बार योगासन खेल भी प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे.
Also Read : एकलव्य खेल योजना के तहत जिला खेल पदाधिकारी ने किया इंटर विद्यालय रजौली का निरीक्षण
राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए किया प्रेरित
बिहार योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर प्रसाद, सचिव डॉ. रानी कुमारी, प्रतियोगिता प्रबंधक अवनीश कुमार मिश्रा, तकनीकी निदेशक अभिजीत कुमार तथा प्रतियोगिता निदेशक डॉ. संध्यावासिनी कुमारी ने नवादा के खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया.
महीनेभर की तैयारी का मिला शानदार परिणाम
नवादा जिला योगासन खेल समिति के अध्यक्ष प्रवीण कुमार और सचिव मनमोहन कृष्ण ने बताया कि टीम पिछले एक महीने से प्रतियोगिता की तैयारी में जुटी थी. खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन का ही परिणाम है कि पहली बार बड़ी टीम के साथ उतरकर नवादा ने राज्य स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की.
Also Read : सिरदला में विभागीय समीक्षा बैठक, योजनाओं में पारदर्शिता और समयबद्ध लाभ वितरण पर जोर
