रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर नवादा बाजार में उमड़ी भीड़, राखी से लेकर मिठाई और फलों की खूब हुई खरीदारी

Nawada News : राखी, मिठाई और फलों की खरीदारी को लेकर उमड़ी भीड़, कई प्रमुख सड़कों पर लगा जाम

Nawada News : रक्षाबंधन पर्व से एक दिन पहले गुरुवार को नवादा शहर के बाजारों में उत्साह और उमंग का माहौल रहा. भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा. इसे लेकर सुबह से ही बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. मेन रोड, कदम कुआं चौक, प्रजातंत्र चौक, इंदिरा चौक और विजय बाजार समेत प्रमुख बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही. भीड़ बढ़ने के कारण कई जगहों पर सड़क जाम की स्थिति भी उत्पन्न हुई.

रंग-बिरंगी राखियों से सजीं दुकानें

राखी की खरीदारी को लेकर सबसे अधिक भीड़ दुकानों पर देखने को मिली. बाजार में जगह-जगह स्थायी और अस्थायी राखी की दुकानें रंग-बिरंगी राखियों से सजी रहीं. बहनें अपने भाइयों की पसंद को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग डिजाइन की राखियां खरीदती नजर आयीं. पारंपरिक राखियों के अलावा बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर, खिलौने, मोती, रुद्राक्ष और आकर्षक डिजाइन वाली राखियों की भी खूब मांग रही.

मिठाई दुकानों पर भी लगी कतार

रक्षाबंधन पर भाई का मुंह मीठा कराने के लिए बहनों ने मिठाइयों की भी जमकर खरीदारी की. शहर की मिठाई दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगी रही. पर्व को देखते हुए दुकानदारों ने विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की विशेष तैयारी की थी. लोग भाइयों और रिश्तेदारों के लिए अपनी पसंद की मिठाइयां खरीदते दिखे.

फल बाजार में भी दिखी रौनक

मिठाई के साथ फलों की खरीदारी को लेकर भी बाजार में खासा उत्साह रहा. फल दुकानों पर बहनों और परिवार के अन्य सदस्यों की भीड़ लगी रही. लोग केले, सेब, अंगूर समेत अन्य फलों की खरीदारी करते नजर आये. पर्व को लेकर फल विक्रेताओं ने भी दुकानें सजाकर पर्याप्त स्टॉक रखा था.

बाजार में बढ़ी भीड़ से यातायात प्रभावित

खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा. मेन रोड और विजय बाजार समेत कई इलाकों में वाहनों की संख्या बढ़ने से रुक-रुककर जाम लगता रहा. बाजार में पैदल चलने वालों की संख्या भी काफी अधिक रही. इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा.

शुक्रवार को भी अच्छी भीड़ की उम्मीद

राखी विक्रेताओं के अनुसार, गुरुवार को खरीदारी में तेजी देखने को मिली. शुक्रवार को रक्षाबंधन के दिन भी बाजार में अच्छी भीड़ रहने की उम्मीद है. रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर पूरा शहर भाई-बहन के प्रेम और त्योहार की खुशियों से सराबोर नजर आया.

Also Read : बेगूसराय के जिला परिषद में मनमानी व दोहरी नीति का आरोप, अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान का अनिश्चितकालीन धरना जारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By बब्लू कुूमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >