Navada Kendriya Vidyalaya Admission : नवादा में केंद्रीय विद्यालय के संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कक्षा 1 से 5 तक नामांकन के लिए ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसी शैक्षणिक सत्र से पढ़ाई शुरू होने की तैयारी है, जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है. लंबे इंतजार के बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई है.
फिलहाल कन्हाई इंटर स्कूल परिसर में होगी पढ़ाई
केंद्रीय विद्यालय की कक्षाएं फिलहाल कन्हाई इंटर स्कूल परिसर में संचालित की जाएंगी. पहले ही दिन बड़ी संख्या में अभिभावक नामांकन से जुड़ी जानकारी लेने और आवेदन पत्र भरने के लिए स्कूल परिसर पहुंचे.
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जमा होंगे आवेदन
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, गया के प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता को नवादा केंद्रीय विद्यालय के संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्होंने बताया कि कक्षा 1 से 5 तक प्रत्येक कक्षा की एक-एक सेक्शन में नामांकन के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं. आवेदन स्कूल परिसर में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जमा किए जा सकते हैं.
जानें किस कक्षा के लिए कितनी होनी चाहिए आयु
नामांकन के लिए आयु की गणना 31 मार्च 2026 को आधार मानकर की जाएगी. इसके अनुसार कक्षा 1 के लिए आयु 6 वर्ष से 8 वर्ष से कम, कक्षा 2 के लिए 7 वर्ष से 9 वर्ष से कम, कक्षा 3 के लिए 8 वर्ष से 10 वर्ष से कम, कक्षा 4 के लिए 9 वर्ष से 11 वर्ष से कम और कक्षा 5 के लिए 10 वर्ष से 12 वर्ष से कम निर्धारित की गई है.
आवेदन के साथ ये दस्तावेज होंगे जरूरी
नामांकन के लिए पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी जन्म प्रमाण-पत्र, केंद्र या राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए सेवा प्रमाण-पत्र, सत्यापित नवीनतम वेतन पर्ची, एससी, एसटी, ओबीसी (एनसीएल) या ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, बच्चे का आधार कार्ड या आधार नामांकन पर्ची, पासपोर्ट आकार का नवीनतम फोटो, रक्त समूह का विवरण तथा दिव्यांग बच्चों के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा.
