Nawada prophet muhammad birthday: इस्लाम धर्म के पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन ईद-मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को रजौली में धार्मिक उल्लास का माहौल रहा. इस अवसर पर महसई मोहल्ला, मोमिनपुर, तकिया शरीफ, पचम्बा, धुरगांव, पार रजौली, करबला नगर एवं कुंडला मोहल्ला से गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकाला गया. सभी जुलूस तकिया शरीफ पर एकत्र हुए और वहां से संयुक्त रूप से जुलूस निकाला गया.
विभिन्न मार्गों से गुजरा जुलूस
संयुक्त जुलूस तकिया शरीफ से जगजीवन नगर, मछलहट्टा रोड, पुरानी बस स्टैंड, बजरंगबली चौक और बाजार होते हुए पुन: तकिया शरीफ पहुंचा, जहां जुलूस का समापन किया गया. जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए. सफेद कुर्ता-पायजामा और सिर पर टोपी पहने लोग हाथों में इस्लामी और तिरंगे झंडे लेकर सड़कों पर निकले. जुलूस के दौरान धार्मिक नारों से माहौल गूंजता रहा. उलेमा और धर्मगुरु जुलूस की अगुवाई करते नजर आये.
जगह-जगह शरबत और फूलों से हुआ स्वागत
जुलूस के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने शरबत पिलाकर और फूल बरसाकर जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया. प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती रही.
मोहब्बत और इंसानियत का दिया संदेश
धार्मिक नेताओं ने कहा कि ईद-मिलादुन्नबी का पैगाम मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत का है. पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी दुनिया को अमन और इंसाफ का रास्ता दिखाया. इस दिन सभी को उनके बताये रास्ते पर चलने का संकल्प लेना चाहिए.
मस्जिदों में मिलाद और कुरानख्वानी का आयोजन
ईद-मिलादुन्नबी को लेकर रजौली की विभिन्न मस्जिदों को रंगीन लाइटों और झंडों से सजाया गया. मस्जिदों में मिलाद, कुरानख्वानी और दुआ का आयोजन किया गया. गरीबों और जरूरतमंदों के बीच खाना और कपड़े भी बांटे गये. जुलूस निर्धारित मार्ग से शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. प्रशासन और उलेमाओं ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाये रखने की अपील की.
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
मौके पर मो. इरफान आलम, मिसबाउल हसन, जावेद अंसारी, गोल्डन खान, जुनैद आलम, तौहीर आलम, नासिर आलम, शाहनूर मास्टर, दानिश मौलाना साहब, मो. मोइज़ उद्दीन, मोइन आलम, मो. शकील, मो. गुड्डू, तौसीफ खान, रिजवान आलम, मो. असलम समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें:जमुई के टॉप-10 अपराधियों में शामिल मनोज पासवान गिरफ्तार, मोकामा में STF और लखीसराय पुलिस ने दबोचा
