नवादा में बस मालिकों को चेतावनी: डीटीओ बोले- तय बस स्टैंड से ही करें परिचालन, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

नवादा में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन एक्शन मोड में है. डीटीओ रंजीत कुमार ने बस और ई-रिक्शा चालकों के साथ बैठक कर नियमों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए हैं. नियमों के उल्लंघन पर अब जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई भी होगी.

Nawada Traffic Rules Tightened by DTO : नवादा जिले में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार ने जिला परिवहन कार्यालय में बस एसोसिएशन, बस मालिकों, चालकों और टोटो, टेम्पो व ई-रिक्शा संचालकों के साथ अलग-अलग बैठक कर कई अहम निर्देश जारी किए. उन्होंने साफ कहा कि अब नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और आम लोगों के लिए सुविधाजनक बनाना था. अधिकारियों ने सभी संचालकों को विभागीय गाइडलाइन का हर हाल में पालन करने को कहा.

DTO Order : बसों में किराया सूची और शिकायत रजिस्टर जरूरी

डीटीओ रंजीत कुमार ने बस मालिकों और चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि हर बस में किराया तालिका लगाना अनिवार्य होगा. यह तालिका ऐसी जगह होनी चाहिए, जहां यात्रियों को आसानी से दिखाई दे सके. इसके अलावा हर बस में शिकायत पंजी रखना भी जरूरी कर दिया गया है.

उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को अपनी शिकायत दर्ज कराने में सुविधा होगी और समय पर उसका समाधान भी हो सकेगा. यदि किसी बस में ये व्यवस्था नहीं पाई गई, तो संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई तय है.

Nawada News : मनमाने जगह बस रोकने पर लगेगी रोक

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि अब शहर में कहीं भी बस रोकने की मनमानी नहीं चलेगी. सभी बसों को केवल निर्धारित बस स्टैंड से ही चलाना और रोकना होगा. सड़क किनारे या भीड़भाड़ वाले इलाकों में बस खड़ी करने से ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ती है.

डीटीओ ने चेतावनी देते हुए कहा कि नियम तोड़ने वाले चालकों और मालिकों पर जुर्माना के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.

बस स्टैंड पर जरूरी सुविधाएं देने की मांग

बैठक के दौरान नगर निकाय, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम और जिला परिषद के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की गई. डीटीओ ने उनसे आग्रह किया कि बस स्टैंडों पर यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.

इनमें साफ-सुथरे शौचालय, नियमित सफाई और पीने के लिए शुद्ध पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं. उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधा देना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है.

तीन पहिया वाहन चालकों को भी सख्त निर्देश

टोटो, टेम्पो और ई-रिक्शा चालकों के साथ हुई बैठक में भी सख्त दिशा-निर्देश दिए गए. उन्हें तय रूट पर ही वाहन चलाने, निर्धारित किराया लेने और कहीं भी वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी गई.

अधिकारियों ने कहा कि शहर में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है. नियमों का पालन नहीं करने पर इनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bablu kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >