नवादा कार्यालय. बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित मेंस सीनियर (हेमंन ट्रॉफी) अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता में गुरुवार को नवादा का मुकाबला शेखपुरा की टीम से हुआ. जिसमें नवादा के कप्तान दीपक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 370 रनों का पहाड़ का स्कोर खड़ा किया. नवादा के कप्तान दीपक ने एक बार फिर से शतकीय पारी खेलते हुए नवादा के तरफ से इंटर डिस्ट्रिक्ट मैचों में सर्वाधिक स्कोर 157 रन बनाने का रिकॉर्ड भी बनाया. उनके अलावा विवेक रंजन ने 63, सुमन सौरभ ने 44 जबकि निशांत ने 39 रनों का योगदान अपनी टीम के लिए दिया. गेंदबाजी करते हुए शेखपुरा के तेज गेंदबाज रणजी खिलाड़ी नवाज खान ने तीन, रश्मि कांत रंजन ने दो जबकि अंकुश राज ने भी दो खिलाड़ियों को आउट किया. इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी शेखपुरा की पूरी टीम 49 में ओवर में 263 रन बनाकर ऑल आउट हो गयी. जिसमें अमरजीत के 116, मनजीत के 39 जबकि रश्मिकांत के 26 रन भी शेखपुरा को हार से नहीं बचा सके. आदर्श पांडे के खतरनाक गेंदबाजी ने एक बार फिर शेखपुरा के बल्लेबाजों को चारों खाने चित कर दिया. आदर्श पांडे ने एक बार फिर से 5 विकेट लेने में कामयाब हुए. आदर्श पांडे के अलावा सागर कुमार एवं सुदर्शन राज ने दो-दो विकेट लिये. इस तरह से नवादा ने शेखपुरा को 107 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया. आज के मैच में शानदार 157 रन बनाने वाले कप्तान दीपक को मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी दी गयी. टूर्नामेंट में अब तक रन बनाने वालों की लिस्ट में दीपक सबसे ऊपर चल रहे हैं जबकि दूसरे नंबर पर नवादा के ही सुमन सौरभ है. नवादा के शानदार जीत पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार मुरारी, सचिव मनीष आनंद, संयुक्त सचिव सुरेश यादव, कोषाध्यक्ष अभिषेक पांडे, क्लब प्रतिनिधि अरुण यादव, उपाध्यक्ष यशवंत सिन्हा, चयनकर्ता विकास कुमार, सुभाष प्रसाद, श्याम देव कुमार, आलोक मिश्रा, राकेश कुमार, राजेश कुमार ने टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
