वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के गंभीरपुर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक बालक को देशी कट्टा के साथ निरुद्ध किया है. पुलिस को 8 सितंबर की देर रात्रि को गुप्त सूचना मिली थी कि गंभीरपुर गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में देशी कट्टा रखा हुआ है.
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नवादा अभिनव धीमान के निर्देश पर वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल की टीम गठित की. टीम ने गंभीरपुर गांव स्थित संबंधित घर में विधिवत छापेमारी की. छापेमारी के दौरान एक बालक को एक लोहा निर्मित देशी कट्टा के साथ पकड़ा गया.
मामले को लेकर वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 644/26 में आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई. थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने बताया कि इस मामले में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
छापेमारी टीम में एसआई सुशील कुमार, एएसआई पप्पू कुमार तथा उपेन्द्र कुमार शामिल रहे. वारिसलीगंज पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है.
