नवादा: एक साल से नहीं खुलीं दवाओं की पेटियां, तेतरिया उप स्वास्थ्य केंद्र में लाखों की दवाएं हुईं बेकार

नवादा के तेतरिया गांव में लाखों रुपये की दवाएं और मेडिकल उपकरण बिना उपयोग के एक्सपायर हो गए हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही के कारण सरकारी संपत्ति बर्बाद हुई है. इस मामले में तत्काल जांच की मांग की जा रही है.

नवादा. सदर प्रखंड नवादा के भदोखरा पंचायत अंतर्गत तेतरिया गांव में स्वास्थ्य विभाग की अनियमितता एवं लापरवाही का मामला सामने आया है. ग्रामीणों का आरोप है कि यहां लाखों रुपये की दवाइयां और मेडिकल इंस्ट्रूमेंट बिना उपयोग के पड़े रहने के कारण एक्सपायरी डेट में पहुंच गये हैं.

तेतरिया गांव के लोगों की शिकायत पर श्री राज कृष्णा ट्रस्ट के अध्यक्ष सह पूर्व श्रम राज्य मंत्री राजबल्लभ प्रसाद ने मामले का संज्ञान लिया. इसके बाद ट्रस्ट के अधिकारियों को तेतरिया गांव स्थित प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लेने भेजा गया.

एक साल पहले उपलब्ध करायी गयी थीं दवाएं और उपकरण

बताया गया कि लगभग एक साल पहले सदर विधायक विभा देवी की पहल पर यहां कई लाख रुपये की दवाइयां, उपस्कर और मेडिकल इंस्ट्रूमेंट की आपूर्ति की गयी थी. पुराने स्कूल भवन में स्वास्थ्य केंद्र के संचालन के लिए दो कमरे भी उपलब्ध कराये गये थे. ग्रामीणों का कहना है कि आपूर्ति के बाद एक दिन भी यहां कोई स्वास्थ्य कर्मी नहीं आये और न ही सीलबंद पेटियां खोली गयीं.

जांच में अधिकांश दवाओं की एक्सपायरी नजदीक मिली

जायजा लेने के दौरान पाया गया कि लगभग सारी दवाइयां या तो एक्सपायर हो चुकी हैं अथवा कुछ ही महीनों में एक्सपायर होने वाली हैं. इस स्थिति को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर रोष प्रकट किया गया. मामले में सरकारी संपत्ति और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गयी.

स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति के बावजूद नहीं आने का आरोप

ग्रामीणों ने बताया कि इस स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए कुछ स्वास्थ्यकर्मियों की स्थायी नियुक्ति भी हुई है, लेकिन वे यहां नहीं आते हैं. ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से केंद्र को नियमित रूप से संचालित कराने और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विशाल कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >