नवादा: वारिसलीगंज में ट्रेन से कटकर अधेड़ की मौत, गुमटी पार करने के दौरान हुआ हादसा

नवादा जिले के वारिसलीगंज में किऊल-गया रेलखंड पर एक अधेड़ की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई. गुमटी बंद होने के बावजूद पार करने की कोशिश में हुई दुर्घटना. मृतक की पहचान आधार कार्ड से हुई.

Nawada News: नवादा जिले में किऊल-गया रेलखंड पर स्थित वारिसलीगंज रेलवे स्टेशन के दक्षिण 21 नंबर गुमटी पार करने के दौरान एक अधेड़ की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. बताया जाता है कि हादसे के वक्त 21 नंबर रेलवे गुमटी बंद थी और किऊल व गया दोनों तरफ से मालगाड़ी गुजर रही थी. इसी दौरान अधेड़ रेलवे गुमटी पार करने की कोशिश कर रहा था और तभी वह ट्रेन की चपेट में आ गया. इस हादसे में अधेड़ की मौत मौके पर ही हो गई.

आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान

हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कागजी प्रक्रिया के दौरान मृतक के पैकेट की तलाशी ली, जिसमें से एक आधार कार्ड बरामद हुआ. इस पहचान पत्र के आधार पर मृतक की पहचान झारखंड राज्य के सरायकेला जिला अंतर्गत जलालपुर (वार्ड संख्या-21) निवासी द्वारिका यादव के 58 वर्षीय पुत्र सियाशरण यादव के रूप में की गई है. पुलिस ने पहचान स्थापित होने के बाद परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

सुनाई न देने के कारण हादसे की आशंका

स्थानीय लोगों द्वारा यह कयास लगाया जा रहा है कि मृतक सियाशरण यादव को कानों से कम सुनाई देता था. इसी वजह से बंद गुमटी के दौरान उन्हें दोनों तरफ से आ रही मालगाड़ियों की आवाज का अंदाजा नहीं मिल सका और वे ट्रैक पार करने लगे, जिससे वे काल के गाल में समा गए. फिलहाल रेल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और घटनास्थल पर मामले की छानबीन व आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Bipin kumar

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >