Nawada News : पकरीबरावां क्षेत्र में आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की घटना पर युवा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. प्रतिनिधिमंडल में युवा लोजपा (रामविलास) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता राजन नायक, आईटी सेल जिलाध्यक्ष रोहित पासवान, अधिवक्ता कुंदन कृष्णा, अधिवक्ता शेरू चौधरी, जिला उपाध्यक्ष शिवशंकर चौधरी, सोशल मीडिया प्रभारी पिंटू पासवान तथा पकरीबरावां प्रखंड अध्यक्ष मंटू सिंह शामिल थे.
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग
पार्टी नेताओं ने घटना को बेहद दुखद, अमानवीय और समाज को झकझोर देने वाली बताया. उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध के दोषियों के विरुद्ध त्वरित न्यायिक प्रक्रिया अपनाते हुए कठोर से कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए.
पीड़ित परिवार को सुरक्षा और सरकारी सहायता देने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा सरकारी सहायता देने की मांग की. नेताओं ने कहा कि ऐसे मामलों में पीड़ित परिवार को हर स्तर पर न्याय और सहयोग मिलना चाहिए.
दिवंगत बच्ची को दी श्रद्धांजलि
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने दिवंगत बच्ची की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
