Nawada News: हिसुआ-नवादा मुख्य मार्ग पर स्थित सेराजनगर के पास कई गांवों में पिछले करीब 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. बिजली न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को सेराजनगर और खानपुर पुल के बीच सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया. सड़क जाम होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी.
भीषण गर्मी और पेयजल संकट से बेहाल हुए लोग
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि पिछले 24 घंटे से कई गांवों में बिजली नहीं होने से पेयजल, घरेलू कार्य और दैनिक जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारियों ने समय पर समस्या का समाधान नहीं किया, जिसके कारण मजबूरन उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा. ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि जब तक बिजली चालू नहीं होगी, तब तक वे जाम नहीं हटाएंगे.
पुलिस और अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद बहाल हुआ आवागमन
घटना की सूचना मिलते ही हिसुआ थाना के एसआई उमेश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया. वहीं बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मी भी घटनास्थल पर पहुंचे और टूटे व खराब तारों की मरम्मत का कार्य तुरंत शुरू कराया. समाचार लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद ही ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया और यातायात सुचारू हो सका.
