स्कूली बच्चों से भरे मैजिक में घुसी तेज रफ्तार बाइक, दो घायल

वाहन में निजी स्कूल के दर्जनों बच्चे सवार थे, हादसे में बाल-बाल बच

वाहन में निजी स्कूल के दर्जनों बच्चे सवार थे, हादसे में बाल-बाल बच स्कूली वैन में फंस कर 50 मीटर तक घिसटती रही बाइक प्रतिनिधि, सिरदला. गया–रजौली एसएच-70 पर बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय के समीप सिरदला बाजार से गया की ओर जा रहे एक मैजिक वाहन में सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक जा घुसी. वाहन में निजी स्कूल के दर्जनों बच्चे सवार थे, जो इस हादसे में बाल-बाल बच गये. प्रत्यक्षदर्शी शिवन यादव के अनुसार मैजिक वाहन ने पहले एक साइकिल सवार को टक्कर मारी. इसके बाद चालक घबराहट में वाहन रोककर एक बच्चे को उतारने लगा और आगे बढ़ने की कोशिश की. इसी दौरान गया की ओर से आ रही बाइक सीधे वाहन से टकरा गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक वाहन में फंस गयी और करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गयी. सड़क पर चीख-पुकार मच गयी और बच्चे डर के मारे वाहन से उतरकर इधर-उधर भागने लगे. सूचना मिलते ही सिरदला थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, एसआइ गुड्डू कुमार साह, मुंशी सौरव कुमार और पीयूष कुमार प्रियदर्शी मौके पर पहुंचे और घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरदला पहुंचाया. दुर्घटनाग्रस्त बाइक और मैजिक को हटवाकर आवागमन बहाल किया गया और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया. ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ उमेश कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर किया गया है. घायलों की पहचान बाइक सवार दिलीप मांझी, निवासी सुखनार, परनाडाबर थाना क्षेत्र तथा साइकिल सवार सुरेश प्रसाद, निवासी शाहपुर, सिरदला थाना क्षेत्र के रूप में हुई है. दिलीप मांझी की हालत गंभीर बतायी जा रही है. इस हादसे ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >