Nawada Short Circuit Incident : नवादा शहर में बुधवार की देर रात पटेल नगर स्थित एक किराना दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान धू-धू कर जलने लगी. घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई.
स्थानीय लोगों ने बाल्टी और पाइप के जरिए पानी डालकर आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका. स्थिति गंभीर होते देख तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई.
Nawada News : दमकल की तत्परता से टली बड़ी घटना
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची. अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास की अन्य दुकानों और मकानों को बड़ी क्षति से बचा लिया गया.
शॉर्ट सर्किट से भड़की आग
अग्निशमन विभाग के पदाधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है. शॉर्ट सर्किट के बाद दुकान में रखा पिछले वर्ष का बचा हुआ पटाखा आग की चपेट में आ गया, जिससे तेज धमाके के साथ आग और भड़क उठी. इसी कारण कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान आग की चपेट में आ गई.
तीन लाख की संपत्ति जलकर राख
दुकान मालिक गुड्डू कुमार ने बताया कि आग की इस घटना में किराना सामान, पटाखे और अन्य आवश्यक सामग्री सहित करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई. घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
अग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों और दुकानों की विद्युत वायरिंग की समय-समय पर जांच कराते रहें और ज्वलनशील सामग्री को सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.
