Nawada Cyber Crime: साइबर अपराध के लिए चर्चित वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस और सुरक्षा इकाई, पटना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से ₹71,700 नकद, 26 एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, चेकबुक, पासबुक और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं. पुलिस के अनुसार, जब्त सामान साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है.
गुप्त सूचना पर पहली गिरफ्तारी, फिर तीन और आरोपी दबोचे गए
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार शाम थाना क्षेत्र के माफी गली निवासी करण गोयल को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से ₹4,600 नकद, आठ एटीएम कार्ड, छह चेकबुक, सात पासबुक और पांच कीपैड मोबाइल बरामद किए गए.
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर शुक्रवार को सीमेंट फैक्ट्री के पश्चिम रेलवे लाइन के पास छापेमारी कर नीरज कुमार, सोनू कुमार और धनराज कुमार को गिरफ्तार किया गया.
आरोपियों से नकदी, एटीएम कार्ड और दस्तावेज बरामद
पुलिस के अनुसार—
- नीरज कुमार के पास से तीन मोबाइल, ₹36,700 नकद, 10 एटीएम कार्ड, दो पैन कार्ड, एक आधार कार्ड और एक वोटर आईडी बरामद हुई.
- सोनू कुमार के पास से दो मोबाइल, ₹30,000 नकद, छह एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड मिला.
- धनराज कुमार के पास से एक मोबाइल, चार एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया गया.
चारों आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को जेल भेज दिया. थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है.
Also Read: नवादा में लंबित योजनाओं पर डीएम सख्त, मुआवजा भुगतान और निर्माण कार्य में तेजी के निर्देश
