अंडे के कार्टन में छिपाकर लाई जा रही थी शराब, नवादा में उत्पाद विभाग ने किया जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

उत्पाद विभाग ने नवादा के गोविंदपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी की जा रही विदेशी शराब जब्त की है. अंडे के कार्टन में छिपाकर लाई जा रही 134 लीटर शराब के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.

Nawada Foreign Liquor Seized : नवादा जिले के गोविंदपुर में उत्पाद विभाग ने बुधवार को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. गुप्त सूचना के आधार पर जांच चौकी के पास एक टाटा सुमो से अंडे के कार्टन में छिपाकर रखी गई 134.25 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई. कार्रवाई के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार कर वाहन भी जब्त कर लिया गया.

गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई

गोविंदपुर उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से एक चार पहिया वाहन में विदेशी शराब की खेप बिहार लाई जा रही है. सूचना मिलते ही जांच चौकी के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया गया. इसी दौरान पश्चिम बंगाल नंबर की एक सफेद रंग की टाटा सुमो को रोककर तलाशी ली गई.

अंडे के कार्टन में छिपाकर लाई जा रही थी शराब

वाहन की गहन तलाशी के दौरान अंडे के कार्टन के भीतर विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी. तस्करों ने जांच से बचने के लिए शराब को कार्टनों में छिपाया था, लेकिन उत्पाद विभाग की सतर्कता से तस्करी की कोशिश विफल हो गई.

134.25 लीटर विदेशी शराब बरामद

उत्पाद विभाग के एएसआई अशोक कुमार, दिलीप कुमार और जितेंद्र कुमार ने बताया कि वाहन से कुल 15 कार्टन में 375 एमएल की 358 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई. बरामद शराब की कुल मात्रा 134.25 लीटर आंकी गई. शराब, वाहन और अन्य सामान को जब्त कर लिया गया.

झारखंड के दो आरोपित गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान वाहन चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान झारखंड के गिरिडीह जिले के कारूडीह निवासी नरेश दास के 20 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार दास तथा गिरिडीह जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद रमजान के 26 वर्षीय पुत्र आसिफ इकबाल के रूप में हुई है.

बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला

उत्पाद विभाग ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : नवादा के सरकारी स्कूलों में शुरू हुई त्रैमासिक परीक्षा, 13 जुलाई तक चलेगा एग्जाम, देखिए शेड्यूल



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Javed najaf

Published by: Sakshi Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >