सदर अस्पताल के निर्माण में तेजी लाएं : डीएम

बैठक में नये निर्माण को तय समय व मानक के साथ पूरा करने का मिला टास्क

बैठक में नये निर्माण को तय समय व मानक के साथ पूरा करने का मिला टास्क

प्रतिनिधि, नवादा कार्यालय. स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, भवन प्रमंडल, बीएमएसआइसीएल एवं बीएसइआइडीसी से संबंधित विकास योजनाओं व निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक डीएम रवि प्रकाश की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई.

सर्वप्रथम बीएमएसआइसीएल की ओरसे जिला अंतर्गत निर्माणाधीन स्वास्थ्य अवसंरचना योजनाओं की समीक्षा की गयी. बुधौल में सदर अस्पताल निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान कार्य की धीमी गति पर डीएम ने संबंधित अभियंता से पूछताछ की. अभियंता ने बताया कि विगत कई माह से संवेदक का लगभग 15 करोड़ रुपये भुगतान लंबित है. इसके कारण कार्य की गति प्रभावित हुई है. भुगतान में विलंब के चलते संसाधनों एवं मानव बल की उपलब्धता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है, जिससे निर्माण कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल पा रहा है. इस पर डीएम ने लंबित भुगतान के संबंध में उच्च स्तर पर समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. डीएम ने कहा कि नवादा में आरओबी के निर्माण के क्रम में वर्तमान सदर अस्पताल का भी भाग प्रभावित होगा. उस परिस्थिति में बीएमएसआइसीएल को नये सदर अस्पताल का निर्माण जल्दी पूरा कर सदर अस्पताल को वहां स्थानांतरित करके स्वास्थ्य विभाग को देना है. समीक्षा के क्रम में जिलांतर्गत कुल 22 प्री-फैब्रिकेटेड हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के निर्माण की स्थिति प्रस्तुत की गयी. बताया गया कि 17 स्थलों पर निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि पांच स्थलों पर भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है. डीएम ने संबंधित अंचल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर अविलंब भूमि चिह्नित करते हुए निर्माण कार्य प्रारंभ करना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

शिक्षा विभाग के भवनों के निर्माण में देरी को कम करें

बीएसइआइडीसी की ओर से शिक्षा विभाग अंतर्गत विद्यालय भवनों एवं शैक्षणिक आधारभूत संरचनाओं के निर्माण की प्रगति से अवगत कराया गया. डीए ने निर्देश दिया कि जिन स्थलों पर कार्य लंबित है, वहां बाधाओं का त्वरित निराकरण कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाये. उन्होंने बीएमएसआइसीएल एवं बीएसइआइडीसी के अभियंताओं को विशेष रूप से निर्देशित किया कि सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी परिस्थिति में विलंब नहीं हो. भवन प्रमंडल की ओर से विभिन्न प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं सामुदायिक भवनों के निर्माण कार्य की अद्यतन जानकारी दी गयी. इस समीक्षा के दौरान गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने, नियमित स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा उपयोगिता प्रमाणपत्र समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिये. सभी स्वीकृत प्रखंड भवन के निर्माण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गयी तथा उनमें प्रगति लाने का निर्देेश दिया गया. नरहट में छात्रावास के निर्माण में भी आ रही बाधाओं के निराकरण के लिए आवश्यक निदेश दिये. अटल कला भवन के निर्माण का कार्य एक सप्ताह में प्रारंभ करने के लिए कहा गया.

डीएम ने अफसरों को दिये निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, कब्रिस्तान घेराबंदी योजना, सामुदायिक भवन-सह-वर्कशेड योजना, पंचायत सरकार भवन निर्माण आदि योजनाओं की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गयी. जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित कार्यपालक अभियंताओं एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें. बैठक में सिविल सर्जन, गोपनीय शाखा प्रभारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, डीपीएम, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >