नवादा में ईद मिलादुन्नबी पर निकला जश्ने जुलूस, तिरंगे के साथ दिखा धार्मिक उत्साह और भाईचारा

Nawada News : गोविंदपुर में ईद मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. विभिन्न क्षेत्रों से जश्ने जुलूस निकाला गया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए.

Nawada News : गोविंदपुर. प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को मुस्लिम समुदाय का पवित्र पर्व ईद मिलादुन्नबी धूमधाम, उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. इस अवसर पर प्रखंड के विभिन्न गांवों और बाजारों से जश्ने जुलूस निकाला गया, जिसमें बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया. जुलूस में शामिल लोग हाथों में इस्लामी झंडों के साथ देश की आन, बान और शान का प्रतीक तिरंगा झंडा भी लिए हुए थे. पूरे दिन क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आपसी भाईचारे का माहौल बना रहा.

कई गांवों और बाजारों से निकला जश्ने जुलूस

प्रखंड क्षेत्र के गोविंदपुर, दरमनियां बाजार, डीहपर, बनिया विगहा, हरनारायणपुर, महाबरा, माधोपुर, थाली समेत कई अन्य स्थानों से जश्ने जुलूस निकाला गया. जुलूस निकालने से पहले कई स्थानों पर फातिहा-खानी का आयोजन किया गया. इसके बाद ‘सरकार की आमद मरहबा’ के नारों और धार्मिक संदेशों के साथ जुलूस अपने निर्धारित मार्गों से होकर गुजरा. जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

Also Read : औरंगाबाद: पत्र जारी होने के बाद भी अवैध तरीके से जारी है स्कूल का संचालन, कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित

सुरक्षा को लेकर पुलिस रही पूरी तरह मुस्तैद

पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरे क्षेत्र में पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया. गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर बाजार, बनिया विगहा और महाबरा सहित विभिन्न संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर थानाध्यक्ष विजय कुमार लगातार गश्त करते रहे. पुलिस टीम जश्ने जुलूस के साथ-साथ चल रही थी और पूरे मार्ग में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही थी. वहीं, थाली थाना पुलिस भी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद रही. पुलिस की लगातार गश्त और सक्रिय उपस्थिति के कारण सभी जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए.

कई स्थानों पर पानी और नाश्ते की व्यवस्था

गोविंदपुर डीह में बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य अफरोजा खातून की ओर से जुलूस में शामिल लोगों के लिए पानी और नाश्ते का प्रबंध कराया गया. वहीं, गोविंदपुर पंचायत के मुखिया अनुज सिंह भी जश्ने जुलूस में शामिल रहे. उनकी ओर से भी जुलूस में शामिल लोगों के लिए मिठाई की व्यवस्था की गई थी. दूसरी ओर, गोविंदपुर जामा मस्जिद की ओर से भी जुलूस में शामिल लोगों के लिए पानी और नाश्ते की व्यवस्था की गई थी. जगह-जगह लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया.

गोविंदपुर चौक पर कीचड़ और गंदे पानी से परेशानी

हालांकि, जश्ने जुलूस के दौरान गोविंदपुर चौक पर सड़क पर जमा कीचड़ और गंदे पानी के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. जुलूस में शामिल लोगों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ा. वहीं, सड़क पर जमा बदबूदार पानी से बचते हुए लोग आगे बढ़ते नजर आए. इसके बावजूद लोगों के धार्मिक उत्साह में किसी प्रकार की कमी नहीं दिखी और वे पूरे जोश के साथ जुलूस में शामिल रहे.

Also Read : हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन पर मदनपुर में निकला शांतिपूर्ण जुलूस, दिया अमन और भाईचारे का संदेश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >