Nawada News: नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र की पेश पंचायत अंतर्गत दुर्गापुर पेश गांव में सोमवार को ई-रिक्शा चार्ज करने के दौरान करंट लगने से एक 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान गांव निवासी सीताराम प्रसाद यादव के पुत्र मोनू कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है. इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
चार्जिंग के दौरान आया हाई वोल्टेज करंट, मौके पर ही तोड़ा दम
मिली जानकारी के अनुसार, मोनू कुमार अपने ई-रिक्शा को चार्ज में लगा रहा था, तभी अचानक वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया. ग्रामीणों ने बताया कि चार्जिंग के दौरान 11 हजार वोल्ट की हाई वोल्टेज लाइन से जुड़े करंट का झटका लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना अचानक और गंभीर था कि किसी को उसे बचाने का मौका तक नहीं मिला.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मुआवजे की मांग
घटना की सूचना मिलते ही नारदीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया. हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय मुखिया शशि भूषण कुमार उर्फ वेणु यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी.
मुखिया ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन कोष से अनुग्रह राशि एवं कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत आर्थिक सहायता देने की मांग की है. वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की जांच कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की अपील की है.
