नवादा: रजौली में ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई, नियम तोड़ने वालों से 68 हजार जुर्माना वसूला, नाबालिग चालकों पर भी कसा शिकंजा

रजौली में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने ई-रिक्शा के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया और नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना वसूला।

Nawada Parivahan Vibhag : नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने अब सख्त रुख अपना लिया है. गुरुवार को रजौली-सिरदला मार्ग पर सघन जांच अभियान चलाकर ई-रिक्शा चालकों की मनमानी पर लगाम लगाने की कोशिश की गई. इस कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर जुर्माना ठोका गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया.

जांच अभियान डीटीओ नवादा रंजीत कुमार के निर्देश पर चलाया गया, जिसमें आरटीओ संदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने एसएच-70 पर दर्जनों ई-रिक्शा वाहनों को रोककर उनके कागजातों की गहन जांच की. इस दौरान ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का फिटनेस, इंश्योरेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों को बारीकी से खंगाला गया.

10 ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई, भारी जुर्माना वसूला

जांच के दौरान कई चालक नियमों का पालन करते नहीं मिले. कुछ के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था, तो कुछ के वाहन के कागजात अधूरे पाए गए. परिवहन विभाग की टीम ने ऐसे 10 ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई करते हुए कुल 68,500 रुपये का जुर्माना वसूला.

अचानक हुई इस कार्रवाई से ई-रिक्शा चालकों में अफरा-तफरी मच गई और कई चालक रास्ता बदलकर भागते नजर आए.

लगातार बढ़ रहे हादसों के बाद उठा कदम

स्थानीय लोगों का कहना है कि रजौली क्षेत्र में पिछले कुछ समय से ई-रिक्शा के कारण सड़क दुर्घटनाओं में तेजी आई है. खासकर एनएच-20, एसएच-70 और ग्रामीण सड़कों पर बिना नियम के वाहन चलाने से खतरा बढ़ गया है.

तीन दिन पहले ही फतेहपुर से रजौली आने के दौरान एक ई-रिक्शा सर्विस लेन में पलट गया था. इस हादसे में अंधरवारी निवासी संजय शर्मा समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इस घटना के बाद समाजसेवियों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की थी.

नाबालिग चला रहे ई-रिक्शा, बढ़ रहा खतरा

जांच के दौरान अधिकारियों को यह भी पता चला कि कई जगहों पर नाबालिग बच्चे भी ई-रिक्शा चला रहे हैं. रजौली से हरदिया, अमावां, बहादुरपुर, करिगांव, गैरिबा, अंधरवारी, परमेश्वर बिगहा और धमनी जैसे इलाकों में सैकड़ों ई-रिक्शा संचालित हो रहे हैं, लेकिन अधिकतर चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं.

बिना लाइसेंस वाहन चलाना, ओवरलोडिंग करना और गलत दिशा में सवारी ढोना आम बात हो गई है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं.

आगे भी जारी रहेगा अभियान

आरटीओ संदीप कुमार ने साफ कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

परिवहन विभाग की इस सख्ती के बाद अब ई-रिक्शा चालकों में डर का माहौल है, वहीं आम लोगों को उम्मीद है कि इससे सड़क हादसों में कमी आएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kr manish dev

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >