सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर से मारपीट, आरोपित गिरफ्तार

मरीज के इलाज को लेकर परिजन ने की गाली-गलौज व मारपीट

मरीज के इलाज को लेकर परिजन ने की गाली-गलौज व मारपीट

मरीज के परिजन पर अभद्रता और हमला करने का आरोप

अस्पताल में बना रहा तनाव का माहौल, कर्मियों ने कराया शांत

प्रतिनिधि, नवादा नगर

सदर अस्पताल में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ श्रीकांत प्रसाद के साथ मारपीट की घटना सामने आयी. जानकारी के अनुसार, इलाज कराने पहुंचे एक मरीज के परिजन ने पहले डॉक्टर के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और हाथापाई की नौबत आ गयी.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमरजेंसी वार्ड में मरीज के इलाज को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपित युवक ने डॉक्टर के साथ मारपीट कर दी. इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया. अस्पताल कर्मियों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया.

इस मारपीट की घटना से आहत डॉ श्रीकांत प्रसाद ने नगर थाना में शिकायत दर्ज करायी है. सूचना मिलते ही पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया.

क्या कहते हैं थानेदार

नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित अनूप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपित अनूप सिंह, पिता सुरेंद्र सिंह, ग्राम सिसवां का निवासी बताया जा रहा है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. इस घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है. उन्होंने अस्पतालों में चिकित्सकों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

GAURI SHANKAR RAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >