Nawada Flag March : नवादा जिले में छात्रों के संभावित प्रदर्शन को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. शुक्रवार को शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएम और एसपी के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की खास अपील की है.
समाहरणालय से शुरू होकर कई मार्गों से गुजरा फ्लैग मार्च
शुक्रवार को जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के संयुक्त नेतृत्व में यह विशाल फ्लैग मार्च निकाला गया. यह मार्च समाहरणालय परिसर से शुरू होकर प्रसाद बीघा, भगत सिंह चौक और भीआईपी कॉलोनी तक गया. इसके बाद नवीन नगर, स्टेशन रोड, अस्पताल रोड और मिर्जापुर सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया.
अधिकारियों ने की शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
इस फ्लैग मार्च में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भारी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल के जवान भी शामिल रहे. मार्च के दौरान अधिकारियों ने आम जनता से शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है. चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है.
डीएम रवि प्रकाश ने दी उपद्रवियों को सख्त चेतावनी
नवादा के जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने कहा कि छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है. हालांकि किसी भी प्रकार की हिंसा, अफवाह या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की अनुमति बिल्कुल नहीं दी जाएगी. ऐसा करने वाले असमाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
सोशल मीडिया पर है पुलिस अधीक्षक की पैनी नजर
पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सभी संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है. भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी विशेष निगरानी रख रही है. प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें. यदि किसी को कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें.
Also Read : नवादा में कल लगेगा रोजगार मेला, इतने पदों पर होगी भर्ती, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया
