Nawada News : सिरदला थाना क्षेत्र के नाद और बड़ी बिगहा गांव के लोगों के बीच शुक्रवार को खेत में पटवन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने से कई लोग घायल हो गए. घटना के बाद बड़ी बिगहा निवासी रामबिलाश प्रसाद के पुत्र प्रिंस कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है.
खेत में पानी पहुंचाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
बताया जाता है कि खेत में पानी पहुंचाने को लेकर दोनों गांवों के लोगों के बीच विवाद हुआ था. देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई. घटना में बड़ी बिगहा निवासी शिवा कुमार प्रसाद, संजय प्रसाद और महेंद्र प्रसाद समेत कई लोगों के घायल होने की सूचना है. सभी घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरदला लाया गया.
Also Read : खेत में मोटर स्टार्ट करने के दौरान करंट लगने से युवक की मौत, गांव में शोक
चिकित्सक ने प्रिंस कुमार को मृत घोषित किया
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरदला में चिकित्सक डॉ. अजय कुमार ने जांच के बाद प्रिंस कुमार को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जा रहा है कि मृतक का शव आहर में भी मिला था. हालांकि, शव आहर तक कैसे पहुंचा, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस इस बिंदु को भी जांच के दायरे में रखकर मामले की छानबीन कर रही है.
Also Read : खेत में पटवन के दौरान करंट लगने से किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही सिरदला थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अंचल अधिकारी प्रेम आनंद प्रसाद और डीएसपी शाहनवाज अख्तर ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी ली.
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी घटना की पूरी स्थिति
डीएसपी शाहनवाज अख्तर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. आवेदन मिलने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी. पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है.
Also Read : औरंगाबाद: मदनपुर में जर्जर भवन में चल रहा प्रखंड आपूर्ति कार्यालय, छत की सीलिंग टूटकर गिरने से हादसे का खतरा
