Nawada News : कौआकोल अंचल कार्यालय में नवपदस्थापित अंचलाधिकारी (सीओ) चंदन चौधरी ने सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया. उन्होंने राजस्व अधिकारी अनीश कुमार से प्रभार लिया.
तबादले के बाद संभाला कार्यभार
गौरतलब है कि निवर्तमान अंचलाधिकारी मनीष कुमार का तबादला गया जिले के गुरुआ अंचल में होने के बाद उन्होंने 9 जुलाई को राजस्व अधिकारी अनीश कुमार को अंचल का प्रभार सौंप दिया था. इसके बाद सोमवार को चंदन चौधरी ने औपचारिक रूप से अंचलाधिकारी का कार्यभार संभाल लिया.
समयबद्ध राजस्व कार्य होगा प्राथमिकता
पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सीओ चंदन चौधरी ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता राजस्व संबंधी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना है. उन्होंने बताया कि राजस्व महाअभियान, अभियान बसेरा तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कराया जाएगा.
हर सोमवार और शुक्रवार होगी जनसुनवाई
सीओ ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को नियमित जनसुनवाई आयोजित की जाएगी. इसके अलावा प्रत्येक शनिवार को साप्ताहिक जनता दरबार लगाकर लोगों की शिकायतों का निष्पादन किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि अंचल कार्यालय में आने वाले सभी फरियादियों के साथ पारदर्शी, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा.
राजस्व कर्मियों ने किया स्वागत
कौआकोल पहुंचने पर नवपदस्थापित अंचलाधिकारी चंदन चौधरी का राजस्व अधिकारी अनीश कुमार, राजस्व कर्मचारी मिथुन कुमार मिठू, आदित्य कुमार, दीपक कुमार, नितेश कुमार मिश्रा, नरेंद्र कुमार और प्रकाश कुमार ने बुके देकर स्वागत किया. इसके बाद सीओ ने अंचल कार्यालय के सभी राजस्व कर्मचारियों एवं कार्यालय कर्मियों से परिचय प्राप्त किया और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही.
Also Read : नवादा में सिरदला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मारपीट के आरोपी, शराबी और दो वारंटी गिरफ्तार
