नवादा न्यूज : सड़क पुल के नीचे गिर कर पलटी
सिरदला.
सिरदला प्रखंड के परना डाबर थाना क्षेत्र स्थित गया-रजौली मार्ग एसएच 70 पर अवस्थित तिलैया नदी पुल के समीप एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क पुल के नीचे गिर कर पलट गयी. मंगलवार की देर रात हुई इस दुर्घटना के समय कार में सवार शर्मा दंपती के अलावा दो बच्चे भी मौजूद थे. हालांकि, दुर्घटना में बच्चे पूरी तरह से महफूज दिखे. राहगीरों द्वारा घटना की सूचना नवादा पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल 112 को दी गयी. इसके उपरांत मात्र पांच मिनट के भीतर नजदीकी परना डाबर थाने की डायल 112 की टीम में शामिल एएसआइ प्रदीप उरांव अपने सहयोगी के साथ राहत बचाव में जुट गये. तुरंत परना डाबर पुलिस की गश्ती टीम में शामिल गौतम जी ने भी घटनास्थल पर मौजूदगी बनाते हुए दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर स्थानीय सिरदला पीएचसी में दाखिल करवाया. जहां चिकित्सक डॉ उपेंद्र कुमार ने बुरी तरह से जख्मी गाड़ी मालिक सह चालक को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. घायलों की पहचान झारखंड राज्य के गिरिडीह निवासी जयंत कुमार शर्मा, खुशबू शर्मा के रूप में की गयी है. जख्मी कार चालक जयंत कुमार शर्मा ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ डिजायर गाड़ी से झारखंड के गिरिडीह से गया जिले के पहाड़पुर गांव एक शादी समारोह में भाग लेने जा रहे थे. इसी बीच परनाडाबर थाना क्षेत्र स्थित तिलैया नदी पुल के समीप गाड़ी अनियंत्रित होकर पुल के नीचे नीचे गिर कर पलट गयी. इसमे जयंत शर्मा और खुशबू शर्मा जख्मी हो गये. घटना की सूचना मिलते ही सांढ़ पंचायत के समाजसेवी सुशील पासवान और अरविंद पांडे और जख्मी दंपती के पहाड़पुर निवासी रिश्तेदार करण शर्मा, स्थानीय ग्रामीण चिकित्सक डॉ केपी यादव, भोला यादव, मनोज यादव, ललन पासवान, दिलीप पासवान आदि पीएचसी पहुंच कर घायलों से मिल कर हालचाल पूछा और यथासंभव सहयोग किया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
