Nawada News : पकरीबरावां थाना क्षेत्र के उकौड़ा गांव में शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करने और घर में हंगामा करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान चरित्र मिस्त्री के पुत्र विनोद मिस्त्री के रूप में हुई है. पुलिस ने यह कार्रवाई आरोपित के साले की सूचना पर की.
पत्नी से विवाद के बाद करने लगा मारपीट
बताया जाता है कि विनोद मिस्त्री शराब के नशे में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर अपनी पत्नी के साथ विवाद करने लगा. विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद घर में हंगामा और शोर-शराबा होने लगा. स्थिति बिगड़ती देख महिला के भाई और आरोपित के साले ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने के बाद पकरीबरावां थाना पुलिस तत्काल उकौड़ा गांव पहुंची. पुलिस के पहुंचने के दौरान भी विनोद मिस्त्री कथित रूप से नशे की हालत में हंगामा कर रहा था. पुलिस ने मौके पर ही उसे हिरासत में ले लिया. इसके बाद आवश्यक जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई.
Also Read : आर्य समाज के नियमों और उपनियमों पर हुई संगोष्ठी, नवादा जिला आर्य वीर दल कमेटी का गठन
थानाध्यक्ष ने बताया, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पकरीबरावां थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने बताया कि शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट और हंगामा करने की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
शराब पीकर हंगामा करने वालों में हड़कंप
पुलिस की कार्रवाई के बाद गांव में शराब पीकर हंगामा करने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि या नशे में हंगामा करने की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
Also Read : नवादा: मां, दो बेटियों का शव घर के कमरे में मिला, सउदी में रहता है पति
