Nawada News: संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), नवादा ने 'संकल्प अभियान' के शुभारंभ को लेकर मंगलवार को प्रेस वार्ता का आयोजन किया. प्रेस वार्ता की अध्यक्षता जिला मीडिया प्रभारी गुलशन कुमार ने की, जबकि मुख्य वक्ता जिला उपाध्यक्ष तेजस सिन्हा रहे. इस दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष अजित शंकर भी विशेष रूप से मौजूद थे.
जन-जन तक पहुंचाएंगे गुरु रविदास का संदेश
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष तेजस सिन्हा ने कहा कि गुरु रविदास महाराज के विचार सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और निस्वार्थ सेवा का संदेश देते हैं. उनके इन्हीं महान आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिलेभर में 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा.
जिला और मंडल स्तर पर बनीं टोलियां
तेजस सिन्हा ने बताया कि इस लंबी अवधि के अभियान के तहत जिले भर में जनसंपर्क अभियान, संवाद कार्यक्रम, समरसता गोष्ठियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. अभियान को सुचारू और प्रभावी ढंग से चलाने के लिए जिला और मंडल स्तर पर समर्पित कार्यकर्ताओं की टोलियों का गठन किया गया है.
युवा मोर्चा रहेगा पूरी तरह सक्रिय
भाजयुमो जिलाध्यक्ष अजित शंकर ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा की पूरी टीम इस अभियान को सफल बनाने के लिए जमीनी स्तर पर पूरी सक्रियता और ऊर्जा के साथ कार्य करेगी. इस प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
