Nawada News : बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के आदेश और अनुमंडल प्रशासन की पहल पर मंगलवार को रजौली प्रखंड के अमावां गांव स्थित उदासीन संगत का बंद ताला खुलवाकर न्यासधारी महंत दयानंद मुनि को विधिवत प्रभार सौंप दिया गया. अनुमंडल दंडाधिकारी रजौली के ज्ञापांक 2797, दिनांक 7 अगस्त 2026 के आलोक में यह कार्रवाई की गई. आदेश के अनुसार, न्यासधारी महंत दयानंद मुनि ने संगत का ताला खुलवाने के लिए आवेदन दिया था. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति को भी आवश्यक बताया गया था.
प्रशासनिक और पुलिस टीम की मौजूदगी में खुला ताला
अनुमंडल दंडाधिकारी के आदेश पर 10 अगस्त 2026 को प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी विजय रंजन परमार को प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी बनाया गया था. साथ ही रजौली थानाध्यक्ष को महिला पुलिस बल सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया था. अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष को आपसी समन्वय से कार्रवाई पूरी कराने को कहा गया था. इसी क्रम में 12 अगस्त 2026 को प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में उदासीन संगत अमावां का ताला खोला गया. इसके बाद विधिवत रूप से संगत का प्रभार महंत दयानंद मुनि को सौंप दिया गया. पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.
महंत दयानंद मुनि ने प्रशासन के प्रति जताया आभार
प्रभार ग्रहण करने के बाद महंत दयानंद मुनि ने कहा कि यह कार्रवाई बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के आदेश और जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत हुई है. उन्होंने बिहार सरकार, धार्मिक न्यास परिषद, जिला प्रशासन नवादा, अनुमंडल प्रशासन रजौली और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया.
धार्मिक परंपरा और न्यास की संपत्ति की रक्षा का संकल्प
महंत दयानंद मुनि ने कहा कि उदासीन संगत अमावां सनातन और उदासीन धार्मिक परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर है. आगे संगत की धार्मिक गरिमा, न्यास की संपत्ति और श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा करते हुए सभी कार्य कानून एवं न्यास के नियमों के अनुरूप किए जाएंगे. धार्मिक परंपराओं के साथ जनकल्याणकारी गतिविधियों को भी व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जाएगा.
शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील
महंत ने अनुमंडल पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, थाना प्रभारी और पूरी प्रशासनिक टीम को विशेष धन्यवाद दिया. साथ ही हिंदू समाज, साधु-संतों और स्थानीय नागरिकों से शांति, सद्भाव एवं धार्मिक मर्यादा बनाए रखने की अपील की.
Also Read : नवादा: शिक्षिका के घर से चोरी में शेखपुरा का युवक गिरफ्तार, किराये के कमरे से बरामद हुए जेवरात
