स्थायी बस स्टैंड के अभाव में अकबरपुर के यात्रियों की बढ़ी परेशानी, रोज जाम और अव्यवस्था से जूझ रहे लोग

Nawada News : अकबरपुर बाजार में स्थायी बस स्टैंड की अनुपस्थिति के कारण यात्रियों को दैनिक यात्रा में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. बसों का कोई निश्चित ठहराव न होने और ऑटो-टोटो के कारण लगने वाले जाम ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है.

Nawada News : अकबरपुर बाजार में स्थायी बस स्टैंड नहीं होने के कारण प्रतिदिन हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. गोविंदपुर, नवादा तथा अन्य क्षेत्रों के लिए चलने वाली बसों का कोई निर्धारित पड़ाव नहीं है. चालक अपनी सुविधा के अनुसार कभी खुरी नदी पुल से पहले स्थित पाती दुर्गा मंडप के समीप, कभी पुल पर तो कभी पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के पास बस रोक देते हैं. नवादा की ओर से आने वाली बसों की भी यही स्थिति है.

निर्धारित पड़ाव नहीं होने से यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

बसों के लिए निर्धारित स्थान नहीं होने के कारण दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. यात्रियों को यह पता नहीं चल पाता कि बस या अन्य सवारी वाहन आखिर कहां मिलेगा. कई बार उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान तक दौड़ना पड़ता है, जिससे समय की बर्बादी के साथ-साथ यात्रा भी असुविधाजनक हो जाती है.

टोटो और ऑटो के कारण दिनभर लगता है जाम

मुख्य सड़क पर बड़ी संख्या में टोटो और ऑटो रिक्शा के अनियमित संचालन से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है. सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े रहने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ती है.

यात्रियों ने बयां किया अपना दर्द

दैनिक यात्री राकेश कुमार ने कहा कि रोज कार्यालय आने-जाने के दौरान सबसे बड़ी परेशानी बस का निर्धारित ठिकाना नहीं होना है. कभी एक जगह तो कभी दूसरी जगह बस मिलती है, जिससे काफी समय बर्बाद होता है. रीना देवी ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के साथ बस ढूंढ़ना काफी मुश्किल हो जाता है. यदि बस स्टैंड बन जाए तो लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. मुकेश यादव ने बताया कि मुख्य सड़क पर टोटो और ऑटो की भीड़ के कारण अक्सर जाम लगा रहता है. कई बार बस तक पहुंचने में ही काफी देर हो जाती है. संजय कुमार ने कहा कि अकबरपुर जैसे बड़े बाजार में अब तक बस स्टैंड नहीं बनना दुर्भाग्यपूर्ण है. प्रशासन को जल्द से जल्द स्थायी बस स्टैंड बनवाकर सभी बसों का एक ही स्थान पर ठहराव सुनिश्चित करना चाहिए.

स्थायी बस स्टैंड निर्माण की उठी मांग

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से शीघ्र स्थायी बस स्टैंड का निर्माण कराने और बसों के लिए एक निर्धारित पड़ाव सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि इससे यातायात व्यवस्था सुव्यवस्थित होगी और यात्रियों को रोजाना होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी.

Also Read : गया जी : 28 वर्षीय युवक दोस्तों संग नेपाल घूमने गया, पोखरा के प्रसिद्ध फेवा झील में तैरने के दौरान डूबकर मौत



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Anil kumar

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >