बिजली के लिए लाठी-डंडे व झाड़ू लेकर लोग उतरे एनएच पर, किया जाम
नवादा सदर : पिछले 20 वर्षों से गांव में बिजली नहीं आने पर सब्र का बांध ग्रामीणों का जवाब दे गया. सोमवार को ग्रामीणों ने दो घंटे से अधिक समय तक एनएच-31 को मुफस्सिल थाने के समीप जाम रखा. जिला मुख्यालय से सटे हरिश्चंद्र बिगहा के लोगों द्वारा जाम लगाये जाने के कारण राष्ट्रीय उच्च […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
नवादा सदर : पिछले 20 वर्षों से गांव में बिजली नहीं आने पर सब्र का बांध ग्रामीणों का जवाब दे गया. सोमवार को ग्रामीणों ने दो घंटे से अधिक समय तक एनएच-31 को मुफस्सिल थाने के समीप जाम रखा. जिला मुख्यालय से सटे हरिश्चंद्र बिगहा के लोगों द्वारा जाम लगाये जाने के कारण राष्ट्रीय उच्च पथ पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरिश्चंद्र बिगहा के सैकड़ों महिला-पुरुष लाठी-डंडा व झाड़ू के साथ सुबह आठ बजे से ही एनएच-31 को अयोध्या धाम मंदिर के समीप जाम कर दिया.
लोगों द्वारा बिजली को लेकर सड़क जाम किये जाने से बिहार-झारखंड की लाइफलाइन सड़क बाधित हो गयी. सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी. वाहनों में बैठे लोगों का बुरा हाल हो गया. भूख प्यास से बच्चे परेशान दिखे. ग्रामीणों ने बताया कि बिहार विकास कर रहा है और नवादा का हरिश्चंद्र बिगहा आज भी ढिबरी युग में ही जी रहा है. सारे नेता व जनप्रतिनिधि सिर्फ आश्वासन ही देते हैं. पोल व तार चोरों द्वारा काट कर ले जाया गया,
इसके बाद भी विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गयी. सब लोग आश्वासन ही देते हैं. ग्रामीणों ने जाम स्थल पर पहुंचे बिजली विभाग के प्रोजेक्ट मैनेजर को बंधक बना लिया. बिजली को लेकर ग्रामीण काफी आक्रोशित थे. बिजली तार जोड़े जाने तक ग्रामीण आंदोलन की बात कर रहे थे. ग्रामीण किसान का कहना था कि बिजली के लिए अभी पोल नहीं गड़ा गया तो आनेवाले समय में खेतों में गेहूं की बुआई हो जायेगी. फिर पोल नहीं लग पायेगा.
जाम से लोगों को हुई परेशानी
बिजली को लेकर दो घंटे से अधिक समय तक लगे जाम लगने से वाहनों पर सवार यात्रियों को काफी परेशानी हुई. बच्चे को भूख प्यास से परेशानी हुई. घटना की सूचना पाकर जाम स्थल पर पहुंचे मुफस्सिल थाने के सब इंस्पेक्टर रवि पासवान ने ग्रामीणों को काफी समझाया तथा प्रोजेक्ट मैनेजर से समय निर्धारित करने का भरोसा दिला कर जाम हटवाया. जाम स्थल पर पहुंचे विभाग के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष ठाकुर ने बताया कि बिजली तार राजस्थान से आती है,वहां से आने में कम से कम 10 दिन का समय लग सकता है. तार आने के बाद ही बिजली की प्रक्रिया हो सकेगी. अधिकारी व पुलिस के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया.
20 वर्षों से बिजली नहीं आने पर लोगों के सब्र का बांध टूटा
ग्रामीणों ने पहुंचे बिजली विभाग के प्रोजेक्ट मैनेजर को बनाया बंधक
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरिश्चंद्र बिगहा के लोगों ने दो घंटे से अधिक समय तक रखा एनएच-31 जाम