अनदेखी. कलाली रोड में खुरी नदी पर पुल का निर्माण धीमा
नवादा सदर : शहर की बढ़ती आबादी के साथ ही शुरू हुई जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए तैयार किये जा रहे कलाली रोड का खुरी नदी पुल समय पर पूरा होने की संभावना नहीं दिख रही है. विभागीय अधिकारियों व ठेकेदार की लापरवाही का परिणाम है कि काम पूरा होने का समय दो-दो बार आगे बढ़ चुका है.
हाल के दिनों में बैठक कर जिलाधिकारी मनोज कुमार ने विभागीय अधिकारियों को 31 जनवरी 2017 तक काम पूरा करने का निर्देश दिया है. कलाली रोड से बड़ी दरगाह तक खुरी नदी पर पुल का निर्माण कर शहरवासियों को जाम से निजात दिलाने के लिए पहल की गयी थी, लेकिन समय पर काम पूरा नहीं होने से जाम की समस्या बरकरार है.
दो विधायकों की विकास निधि से बन रहा खुरी नदी पुल : गोविंदपुर के तत्कालीन विधायक कौशल यादव व नवादा की तत्कालीन विधायक पूर्णिमा यादव के विकास निधि से कलाली रोड से बड़ी दरगाह तक खुरी नदी पर पुल का निर्माण कराया जा रहा है. दोनों विधायकों ने चार करोड़ 87 लाख 50 हजार रुपये देकर पुल निर्माण की स्वीकृति दी थी. नवादा के लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए कलाली रोड में पुल का निर्माण कराया जा रहा है.
31 जनवरी आखिरी तिथि : 31 मार्च 15 से शुरू हुआ पुल निर्माण का कार्य 31 मार्च 16 तक पूरा कर लिया जाना था, लेकिन समय पर पूरा नहीं होने पर निर्धारित तिथि 31 अगस्त 16 तक दिया गया था. समय पर काम पूरा नहीं होने पर जिलाधिकारी ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के नालंदा कार्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को क्लास लगायी थी. विभाग को 31 जनवरी 2017 तक आखिरी तिथि दी गयी है.
समय पर पूरा होने की नहीं दिख रही संभावना : जिला प्रशासन की ओर से पुल निर्माण की आखिरी तिथि दिये जाने के बाद भी पुल निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो पायेगा. 96.80 मीटर लंबे पुल में छह पाया पर पांच स्पैन बनाया जाना है. पाया का निर्माण तो किया जा चुका है, लेकिन अब तक तीन स्पैन ही अब तक तैयार हुआ है. शनिवार को भी पुल निर्माण के लिए लगे मजदूरों का कार्य जिस गति से देखा गया, उससे यह संभव नहीं दिख रहा कि 31 जनवरी तक पुल का निर्माण पूरा हो पायेगा. पुल निर्माण के बाद पुल के दोनों छोर पर 150 मीटर पहुंच पथ का निर्माण किया जाना है, जिसकी चौड़ाई सात मीटर होगी.
पुल निर्माण होने से मिलेगी निजात : मेन रोड में खुरी नदी पर बने पुल पर बोझ कम होने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है. रोज जाम की समस्या से लोगों को दो चार होना पड़ रहा है. लोगों की समस्या को देखते हुए विधायक दंपती ने कलाली रोड से बड़ी दरगाह तक पुल निर्माण का निर्णय लिया था. इसके निर्माण के बाद मेन रोड में जाम की समस्या से निजात मिल पायेगी.
क्या कहते हैं अधिकारी
तकनीकी कारणों व बरसात के कारण काम प्रभावित हुआ था. ठेकेदार को 31 जनवरी तक काम पूरा करने का निर्देश जारी किया गया है. निर्धारित समय पर पुल का निर्माण कार्य पूरा हो जायेगा.
राजू चौधरी, वरीय परियोजना अभियंता, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, कार्य प्रमंडल,नालंदा
